(करनाल,हरियाणा)26जुलाई,2026
मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत रविवार को स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित एक दिवसीय अंत्योदय मेले में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जिनमें महिलाओं की संख्या सबसे अधिक रही। लाभार्थियों को अपनी बारी का इंतजार करने के लिए एक घंटे से अधिक समय तक लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ा।
मेले में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां पात्र लाभार्थियों को एक ही स्थान पर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।
विभागीय अधिकारी दस्तावेजों की जांच, पंजीकरण और योजनाओं की जानकारी देने में जुटे रहे।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री एवं करनाल के सांसद मनोहर लाल खट्टर भी मेले में पहुंचे। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मनोहर लाल ने अधिकारियों से पूछा कि मेले में लोगों का किस प्रकार का रिस्पॉन्स मिल रहा है, किन योजनाओं के प्रति सबसे अधिक रुचि है और लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लोगों को बिना किसी अनावश्यक देरी के योजनाओं का लाभउपलब्ध कराया जाए तथा आमजन को बिना अनावश्यक देरी के योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मेले में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अधिकारियों के अनुसार दिनभर बड़ी संख्या में लाभार्थियों के पहुंचने की संभावना है और सभी को योजनाओं का लाभ देने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।(साभार एजेंसी)
