(यमुनानगर,हरियाणा)26जुलाई,2026
हरियाणा को नशा मुक्त बनाने की दिशा में रविवार सुबह जगाधरी का मटका चौक एक ऐतिहासिक पल का साक्षी बना। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘नशे से जंग, यमुनानगर के संग’ जन-जागरूकता मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस आयोजन में रिकॉर्ड 1.16 लाख से अधिक लोगों के पंजीकरण ने नशा विरोधी मुहिम को एक बड़े जनआंदोलन का रूप दे दिया।
मैराथन के लिए कुल 1,16,451 लोगों ने पंजीकरण कराया (जिसमें 76,411 पुरुष और 38,540 महिलाएं शामिल रहीं)। 5 किलोमीटर श्रेणी में 1,15,183 और 10 किलोमीटर श्रेणी के लिए 1,268 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। मैराथन की शुरुआत जगाधरी का प्रसिद्ध मटका चौक से हुई।
नशा पूरे परिवार और समाज को दीमक की तरह चाटता है- मुख्यमंत्री सैनी
भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को तबाह करता है। राज्य सरकार ‘नशा मुक्त हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस जंग में केवल सरकार नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। युवा खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़कर स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।(साभार एजेंसी)
