संस्कृत विद्यालयों और चिकित्सालयों में भोजन व्यवस्था का सफल ट्रायल,पीएम ने की थी घोषणा

Uttar Pradesh

(वाराणसी)19अक्टूबर,2024.

वाराणसी के संस्कृत विद्यालयों और प्रमुख चिकित्सालयों में श्री काशी विश्वनाथ ट्रस्ट द्वारा नि:शुल्क भोजन व्यवस्था के सफल ट्रायल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ट्रस्ट के सभी अधिकारियों द्वारा सभी व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया।

बताते चलें कि प्रधानमंत्री ने इस योजना की घोषणा की थी और कहा था कि सभी विद्यालयों के बच्चों और अस्पतालों में तीमारदारों को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट की ओर से निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

इस संकल्प को पूरा करने के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर ने गोदौलिया स्थित जम्मू कोठी में विशेष रूप से बनाये गये अन्नक्षेत्र में एक सात्विक सनातन रसोई का निर्माण कराया है और रसोई का संचालन नाट्यकोटम संस्था द्वारा किया जाएगा।

इस संबंध में नाट्यकोटम संस्था और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के बीच विशेष अनुबंध किया गया है। इस व्यवस्था में दैनिक भोजन सामग्री और परिवहन की व्यवस्था श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा सुनिश्चित की गई है।

भोजन वितरण का सफल ट्रायल इस योजना को सतत रूप देने की प्रक्रिया का अगला चरण है। गौरतलब है कि इसी वर्ष चैत्र नवरात्रि के दौरान, 9 अप्रैल 2024 से वाराणसी स्थित कैंसर उपचार संस्थान और अन्य प्रमुख चिकित्सालयों के लिए पैक्ड भोजन का वितरण पहले ही शुरू किया जा चुका है।

यह व्यवस्था भर्ती रोगियों के तीमारदारों के लिए की गई थी, जिससे उन्हें भोजन की चिंता न करनी पड़े। जम्मू कोठी स्थित नवीनीकृत रसोईघर की क्षमता को बढ़ाकर अब 5000 से 6000 व्यक्तियों का भोजन एक साथ बनाने की योजना है, जिससे अधिकतम लोगों तक पहुंच सुनिश्चित की जा सके।

मंदिर न्यास के प्रस्ताव पर संस्कृत विद्यालयों से प्राप्त मांग के अनुसार विद्यार्थियों को एवं विभिन्न अस्पतालों में तीमारदारों को ज़्यादा संख्या में भोजन उपलब्ध कराने की इस योजना का शुभारंभ 20 अक्टूबर 2024 को माननीय प्रधानमंत्री जी के वाराणसी आगमन के दिन द्वारा करने का निर्णय लिया गया है।

सफल ट्रायल के अंतर्गत, सभी विद्यालयों और चिकित्सालयों को भोजन प्रेषित किया गया, जिससे योजना के का सफल ट्रायल प्रारंभ हो गया है(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *