उ.प्र.में राजकीय इंटर कॉलेजों को मिले 383 स्थाई प्रधानाचार्य

Uttar Pradesh

(लखनऊ UP)30मार्च,2025.

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा विभाग में लगभग तीन साल बाद 383 राजकीय इंटर कॉलेजों को स्थायी प्रधानाचार्य मिले हैं। खास यह कि इसमें 292 महिला राजकीय इंटर कॉलेज हैं। विभाग ने इन सभी संबंधितों को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया है।

विभाग में लंबे समय से राजकीय महिला व पुरुष इंटर कॉलेजों में नियमित प्रधानाचार्य की नियुक्ति की मांग की जा रही थी। विभाग ने हाल ही में इंटर कॉलेज के लेक्चरर व असिस्टेंट टीचरों को हेडमास्टर पद पर पदोन्नति की है। इसी क्रम में इन सभी पदोन्नति पाने वाले 383 शिक्षकों को विद्यालय आवंटित किया है। यह वह विद्यालय हैं, जहां पर अभी तक प्रभारी शिक्षक कामकाज देख रहे थे।

जिन विद्यालयों में हेडमास्टर की तैनाती की गई है, उनमें 91 पुरुष शाखा व 292 महिला शाखा के हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेंद्र देव ने इनका पदस्थापन आदेश जारी करते हुए कहा है कि वे वर्तमान पद से अवमुक्त होकर पदोन्नति पद पर कार्यभार संभाल लें। जो शिक्षक पदोन्नति स्वीकार नहीं करते हैं, वे इसकी लिखित सूचना 30 दिन में शिक्षा निदेशालय को उपलब्ध करा दें।

खास यह कि पदोन्नति पाकर प्रधानाचार्य पाने वालों में 53 शिक्षक ऐसे हैं जो 31 मार्च को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ऐसे में उन्हें न सिर्फ एक वेतनवृद्धि का लाभ मिलेगा बल्कि उनकी पेंशन भी बढ़ जाएगी। वहीं राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद पांडेय ने आरोप लगाया है कि कई शिक्षकों को 150 किलोमीटर दूर तैनाती दे दी गई है। वहीं कई प्रधानाचार्य ऐसे हैं जो एक ही जिले में एक ही विद्यालय में आठ-आठ साल से तैनात हैं। उन्होंने मांग की कि सेवानिवृत्ति के करीब शिक्षकों को उनके गृह जिले में तैनाती दी जाए।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *