दुबई के शेखों को भा रहा अलीगढ़ का आलू

Uttar Pradesh

(अलीगढ़,UP)01जून,2025.

अलीगढ़ का आलू दुबई में शेखों को बहुत भा रहा है। खाड़ी देशों को किया जा रहा आलू निर्यात 50 हजार टन तक बढ़ गया है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में 2 लाख टन आलू खाड़ी देशों में निर्यात किया गया, जबकि वित्तीय वर्ष 2022-23 में 1.50 लाख टन आलू निर्यात किया गया था। आलू उत्पादन में अलीगढ़ प्रदेश में छठवें स्थान पर है।

यहां चिप्सोना आलू की सर्वाधिक पैदावार है, जबकि जिले में 24987 हेक्टेयर क्षेत्र में आलू की खेती होती है। वर्ष 2023-24 में जिले में 11 लाख टन आलू का उत्पादन हुआ है। इसमें से 4.4 लाख टन विदेश में निर्यात हुआ है। एएमयू के कृषि अर्थशास्त्र और व्यवसाय प्रबंधन विभाग के प्रोफेसर सगीर अहमद अंसारी ने बताया कि जिले को आलू की खेती के लिए मुफीद माना गया है।

देश में 59.57 मिलियन टन आलू उत्पादन होता है:
देश में हर साल आलू का उत्पादन 59.57 मिलियन टन होता है। वर्ष 2022-23 से इस साल 4.4 फीसदी आलू के उत्पादन में वृद्धि हुई। इनमें 3.57 मिलियन किलोग्राम आलू नेपाल, अमेरिका, यूएई, जापान, वियतनाम सहित अन्य देशों में आलू का निर्यात होता है। इससे देश को आलू से 4.89 बिलियन डॉलर की कमाई हुई।

इन जिलों का प्रदेश में स्थान

जिला पैदावार स्थान
आगरा 28 लाख टन पहला
फिरोजाबाद 20.8 लाख टन दूसरा
कन्नौज 20.4 लाख टन तीसरा
हाथरस 19.1 लाख टन चौथा
फर्रुखाबाद 15.9 लाख टन पांचवां
अलीगढ़ 11 लाख टन छठवां

किसानों के सामने चुनौतियां:
जलवायु परिवर्तन : तापमान बढ़ना, मौसम में बदलाव, समुद्र का स्तर बढ़ना
गर्मी और सूखा प्रकोप : आलू की पैदावार पर असर
बीमारी प्रबंधन : आलू की फसल में बीमारी लग जाए, तो उसका प्रबंधन
कोल्ड स्टोरेज : उत्पादन के बाद आलू रखने के लिए जगह
मार्केट उतार-चढ़ाव : आलू का उत्पादन ज्यादा होने पर उसकी कीमतों में उतार-चढ़ाव

जिले में 11 किस्म के आलू:
एएमयू के कृषि सूक्ष्म जीव विज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. इकबाल अहमद ने बताया कि जिले में 11 किस्म की आलू की पैदावार हो रही है। इनमें चिप्सोना, कुफरी पुखराज, कुफरी मोहन, कुफरी गंगा, कुफरी ज्योति, कुफरी चिप्सोना-1, कुफरी ख्याति, कुफरी बहार, कुफरी सूर्या, कुफरी 302 और कुफरी नीलकंठ प्रजाति शामिल हैं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *