(हाथरस,UP)09जून,2025.
हाथरस जनपद में नये उद्योग लगाने के लिए शासन-प्रशासन की ओर से कवायद जारी है। इधर, उद्यमियों द्वारा भूमि की मांग की जा रही है। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) की ओर से सलेमपुर औद्योगिक आस्थान में 714 उद्योग स्थापित कराने की तैयारी शुरू हो चुकी है। औद्योगिक आस्थान में उद्योग लगाने वालों को यूपीसीडा की ओर से भूमि का आवंटन किया जाएगा। यहां बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराए जाने का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है। पहले से भूमि की मांग कर रहे उद्यमियों के साथ ही नये उद्यमियों के आवेदन भी लिए जाएंगे।
कई आकार के काटे गए हैं औद्योगिक प्लाट
सलेमपुर में कई आकार के औद्योगिक प्लाॅट काटे गए हैं। सबसे छोटा प्लाॅट 450 वर्गमीटर का है। इसके बाद 750 वर्गमीटर, 1000 वर्गमीटर व 2000 वर्गमीटर के प्लाॅट हैं। उद्यमियों की आवश्यकता व परियोजना के हिसाब से उन्हें भूमि का आवंटन किया जाएगा। इन भूमि की दरों को जल्द ही गजट करा कर सामने लाया जाएगा। इसकी दरें 3,495 रुपये प्रति वर्गमीटर तक हो सकती हैं।
15 हजार से अधिक को रोजगार मिलने का अनुमान:
औद्योगिक आस्थान सलेमपुर में नए उद्योगों की स्थापना से करीब 15 हजार लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही करीब 7,140 करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान लगाया जा रहा है। अगर ऐसा होता है तो हाथरस जनपद उद्योगों के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना लेगा।
136 उद्यमियों को है भूमि आवंटन का इंतजार:
इन्वेस्टर्स समिट में हाथरस से लगभग 267 एमओयू साइन हुए थे। इसमें 136 उद्यमियों ने भूमि की आवश्यकता जताई थी। उनका कहना था कि अगर भूमि का आवंटन हो तो वह उद्योग लगा पाएंगे। अब इन उद्यमियों के लिए भूमि आवंटन का रास्ता साफ हो गया है।
डेयरी उद्योग को मिलेगा प्रोत्साहन:
यहां लगने वाले उद्योगों में डेयरी उद्योग सबसे अहम है। सलेमपुर में फूड प्रोसेसिंग के अंतर्गत नमकीन उद्योग, चुरी-पोला उद्योग, टॉफी-चॉकलेट उद्योग लगाया जाना प्रस्तावित है। इसके अलावा मैटल हैंडीक्राफ्ट इकाइयां, हींग, रेडीमेड गारमेंट्स, अचार-मुरब्बा और इलेक्ट्राॅनिक्स की इकाइयां भी स्थापित होंगी।
- सलेमपुर औद्योगिक आस्थान में 714 उद्योग लगाने के लिए प्लॉट का आवंटन जल्द किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उम्मीद है कि बहुत अच्छी संख्या में लोगों को रोजगार मिलेगा। जनपद में अच्छा निवेश होगा।
-सीमा सिंह,क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा, अलीगढ़।(साभार एजेंसी)