(गोरखपुर UP)16जून,2025.
गोरखपुर में शहरी बाढ़ से निपटने के लिए नगर निगम ने अर्बन फ्लड मैनेजमेंट सिस्टम बनाया है। निगम के नवीन भवन में इसका कंट्रोल रूम बना है। इसमें लगे सेंसर से डाटा मिलना भी शुरू हो गया है। सीएम योगी आदित्यनाथ जल्द ही इसका लोकार्पण कर सकते हैं।
शहरवासियों को जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने अर्बन फ्लड मैनेजमेंट सिस्टम बनाया है। 56.76 करोड़ रुपये की इस परियोजना का शिलान्यास भी सीएम ने ही किया था। इसके तहत अर्ली वार्निंग सिस्टम बना है। फ्लड मैनेजमेंट सिस्टम से शहर के बड़े नालों की निगरानी होगी। नालों में सेंसर लगाए गए हैं जो पानी के स्तर के बारे में अपडेट देंगे। नदी के जलस्तर की सटीक जानकारी के लिए भी सेंसर लगाए जाएंगे। इन सभी को संचालित करने के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। इससे कहां कितनी बारिश हुई इसका भी डेटा मिल जाएगा।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि नगर निगम परिसर में अर्बन फ्लड मैनेजमेंट सेल, डिजिटल लाइब्रेरी और संग्रहालय का काम लगभग पूरा है। जल्द ही सीएम के हाथों इनका लोकार्पण कराया जाएगा।(साभार एजेंसी)