(गोरखपुर,UP)25जून,2025.
महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों एक जुलाई को होना है। लोकार्पण की तिथि नजदीक आने के साथ ही समारोह को लेकर तैयारियां और तेज कर दी गई हैं। समारोह में शामिल होने के लिए करीब 400 अतिथियों को आयुष विश्वविद्यालय आमंत्रित करेगा। देश-प्रदेश के अलावा नेपाल से भी अतिथि आमंत्रित किए जाएंगे। अतिथियों की सूची फाइनल होने के करीब है।
बताया जा रहा है कि आयुष विश्वविद्यालय प्रशासन ने संशोधित आमंत्रण पत्र का डिजाइन करीब तैयार करा लिया है। एक-दो दिन में आमंत्रण पत्र छप जाने के बाद वितरण शुरू हो जाएगा। समारोह में विशिष्ट अतिथियों के अलावा करीब 1500 से 2000 लोगों के बैठने की व्यवस्था किए जाने की योजना है। आम लोगों के लिए कितनी कुर्सियां लगेंगी, यह भी एक-दो दिन में तय हो जाएगा। वीवीआईपी, विशिष्ट अतिथि और अन्य के लिए पार्किंग की व्यवस्था कहां हो, इसे लेकर विश्वविद्यालय के बाहर कई जगहों को चिह्नित किया गया है।
विश्वविद्यालय के लोकार्पण समारोह को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आमंत्रित होने वाले विशिष्ट लोगों की सूची करीब तैयार कर ली गई है। जल्द ही आमंत्रण पत्र का वितरण शुरू हो जाएगा।
- प्रो. के. रामचन्द्र रेड्डी, कुलपति, आयुष विश्वविद्यालय
एम्स: 28 जून से शुरू होगा दीक्षांत का रिहर्सल:
एम्स के पहले दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 30 जून को आयोजित दीक्षांत समारोह के लिए 28 जून से दो दिवसीय रिहर्सल की शुरुआत होगी। रिहर्सल में एमबीबीएस, एमएससी नर्सिंग और एमएससी मेडिकल की पढ़ाई पूरी करने वाले सभी विद्यार्थी शामिल होंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सात टॉपरों को स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन और डिग्री वितरण की तैयारियों को लेकर रिहर्सल बेहद महत्वपूर्ण है। रिहर्सल के दौरान छात्रों को मंच संचालन, सम्मान प्राप्ति और सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में विस्तार से जानकारी देने के साथ ही अभ्यास कराया जाएगा। सम्बंधित छात्रों को संस्थान में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। एम्स के पहले समारोह को लेकर छात्रों में उत्साह है। वहीं संस्थान स्तर पर भी सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
61 विद्यार्थियों को राष्ट्रपति देंगी दीक्षा:
एम्स के मीडिया प्रभारी ने बताया कि कुल 61 छात्र-छात्राएं दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। इनमें 48 एमबीबीएस, 8 एमएससी नर्सिंग और 5 एमएससी मेडिकल के हैं।
निर्धारित रूट पर नगर निगम चलाएगा विशेष सफाई अभियान:
राष्ट्रपति द्रौपदी के आगमन को देखते हुए प्रस्तावित व निर्धारित रूट पर नगर निगम विशेष सफाई अभियान चलाएगा। इसके अलावा सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। जिला प्रशासन सोमवार को कार्य निर्धारण के लिए सभी विभागों को पत्र जारी करेगा। राष्ट्रपति के संभावित कार्यक्रम के अनुसार वह 30 जून को एयरपोर्ट से सीधे एम्स पहुंचेंगी। एम्स में दीक्षांत समारोह संपन्न होने के बाद वे सर्किट हाउस पहुंच सकती हैं। राष्ट्रपति के सर्किट हाउस में ही रात्रि विश्राम की संभावना है। अगले दिन यानी एक जुलाई को वह आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण करेंगी। राष्ट्रपति के आने-जाने वाले स्थान व रास्तों पर नगर निगम विशेष सफाई अभियान चलाएगा। एम्स और आयुष विश्वविद्यालय में मोबाइल टॉयलेट, पानी और सफाई की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम के कार्यालय अधीक्षक पवन मिश्र ने बताया कि सोमवार को जिला प्रशासन कार्यक्रम और रूट प्लान जारी करेगा। साथ ही निगम को निर्देश भी जारी करेगा। सेामवार से ही अभियान शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
गीताप्रेस भी जा सकती हैं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू:
दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आ रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गीताप्रेस भी जा सकती हैं। गीताप्रेस प्रबंधन उनके आगमन को लेकर उत्साहित है। उम्मीद जताई जा रही है कि राष्ट्रपति गीताप्रेस के ऐतिहासिक लीला चित्र मंदिर का भ्रमण कर सकती हैं। वर्ष 1955 में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद गीताप्रेस में आए थे। तब उन्होंने यहां स्थित विश्व प्रसिद्ध लीला चित्र मंदिर और गीता प्रेस के मुख्य द्वार का लोकार्पण किया था। इसके बाद लीला चित्र मंदिर को देखने के लिए देश-दुनिया से लोग आते रहे हैं। वर्ष 2022 में तत्कालीन राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद आए थे। उन्होंने गीताप्रेस के शताब्दी वर्ष समारोह का शुभारंभ किया था। गीताप्रेस के ट्रस्टी देवी दयाल अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रपति को पुस्तकें भेंट करने के लिए समय मांगा गया है। समय मिलने पर महामहिम को गीताप्रेस की तरफ से उड़िया में प्रकाशित पुस्तकें भेंट की जाएंगी। राष्ट्रपति के गीताप्रेस भ्रमण को लेकर अभी तक कोई प्रोटोकॉल नहीं आया है। राष्ट्रपति का आगमन होता है तो यह गीताप्रेस के लिए गौरवमयी क्षण होगा।(साभार एजेंसी)