बोटिंग ,व्यंजन का आनंद.. रामगढ़ताल बनेगा नया पर्यटन केंद्र

UP / Uttarakhand

(गोरखपुर ,UP)30जुलाई,2025.

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में स्थित रामगढ़ताल अब सिर्फ प्राकृतिक सुंदरता या बोटिंग के लिए नहीं जाना जाएगा।यहां आने वाले पर्यटकों को अब एक नया अनुभव मिलने वाला है।गोरखपुर विकास प्राधिकरण यानी GDA ताल के किनारे एक खास थीम रेस्टोरेंट खोलने जा रहा है। यह Bamboo रेस्टोरेंट पूरी तरह से बांस से तैयार किया जाएगा, जिसमें बाहरी ढांचा हो या आंतरिक सजावट, सब कुछ प्राकृतिक और पर्यावरण के अनुकूल होगा।

35 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण:
यह खास रेस्टोरेंट ‘नया सवेरा फेज 2’ प्रोजेक्ट का हिस्सा है।इस प्रोजेक्ट के तहत रामगढ़ताल के किनारे 35 करोड़ रुपये की लागत से काम किया जा रहा है।रेस्टोरेंट के लिए वही जगह तय की गई है, जहां पहले मछली पकड़ने का ठेका चलता था। अब GDA ने उस स्थान से मछलियों की शिकार गतिविधियों को हटा दिया है और उन्हें ताल की दूसरी ओर शिफ्ट कर दिया गया है।

कैसा होगा BAMBOO रेस्टोरेंट:
गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आनंद वर्धन ने बताया कि इस रेस्टोरेंट को निजी फर्म द्वारा संचालित किया जाएगा। इसके लिए रिवक्वेस्ट फॉर प्रपोजल यानी RFP मंगाए जाएंगे। चयनित फर्म रेस्टोरेंट बनाएगी और उसका संचालन भी वही करेगी। हर महीने तयशुदा किराया GDA को मिलेगा। उन्होंने बताया कि इसे बहुत ही आकर्षक और पर्यावरणीय दृष्टिकोण से तैयार किया जाएगा। यह रेस्टोरेंट गोरखपुर आने वाले सैलानियों के लिए एक खास तोहफा साबित होगा।

यहां पर्यटकों को शांति और सुकून का अनुभव मिलेगा। रेस्टोरेंट में बांस की स्टिक में परोसे जाने वाले स्वादिष्ट व्यंजन भी आकर्षण का केंद्र होंगे। साथ ही यहां से रामगढ़ताल का खूबसूरत नजारा भी दिखेगा। देश के कुछ राज्यों जैसे असम और केरल में इस तरह के रेस्टोरेंट पहले से मौजूद हैं, लेकिन गोरखपुर का यह BAMBOO रेस्टोरेंट एक बिल्कुल नया अनुभव देगा।

रामगढ़ताल बनेगा नया पर्यटन केंद्र:
प्रशासन को उम्मीद है कि यह थीम रेस्टोरेंट रामगढ़ताल को एक प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करेगा।नया सवेरा फेज 2 के तहत बने छह अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर एडवेंचर एक्टिविटीज़ भी शुरू की जाएंगी।इससे यह पूरा इलाका एक जीवंत और रोमांचक पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगा(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *