‘रुद्रावनम’ की सौगात,सीएम योगी ने किया शिलान्यास

UP / Uttarakhand

( बरेली,UP )07अगस्त,2025.

सावन माह में नाथनगरी बरेली को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान शिव को समर्पित रुद्रावनम पार्क की सौगात दी। बुधवार को बरेली दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने रुद्रावनम का शिलान्यास किया। ग्रेटर बरेली में प्रस्तावित रुद्रावनम में भगवान शिव की कांस्य की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पार्क में एक सरोवर भी बनेगा। भक्तिभरी धुनों के बीच लेजर लाइटिंग और म्यूजिकल फाउंटेन पर्यटकों को आकर्षित करें।

रुद्रावनम की परिकल्पना बीडीए के उपाध्यक्ष मनिकंडन ए. ने की। उन्होंने अपनी टीम के साथ वास्तुविद सुमित अग्रवाल से इसकी डिजाइनिंग कराई। बीडीए उपाध्यक्ष ने रुद्रावनम के प्रस्तावित मॉडल को मुख्यमंत्री के सामने प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री को इस परियोजना की पूरी जानकारी दी। बताया कि रुद्रावनम में भगवान शिव की विशाल कांस्य प्रतिमा स्थापित होगी। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के फाउंटेन के साथ-साथ रंग बिरंगी लाइट व म्यूजिकल फाउंटेन भी होगा, जिसमें वैदिक मंत्रोचार भी होगा।

मानसरोवर नाम से बनेगा सरोवर:
इस परियोजना में मानसरोवर नाम से एक सरोवर का निर्माण करा जाएगा, जिसके माध्यम से वर्षा का जल संचित होगा। सरोवर में नौकायान के साथ पिकनिक आदि संभव हो सकेगा। शिव की महिमा के बखान के साथ नाथ मंदिरों का इतिहास एवं नाथ कॉरिडोर की फिल्म दिखाने की तैयारी की जा रही है।

बीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि रामायण वाटिका के बाद रुद्रावनम के विकास से जल्द ही बरेली में आध्यात्मिक एवं धार्मिक पर्यटन का विकास होगा। मुख्यमंत्री योगी ने रुद्रावनम की परियोजना की तारीफ की। जल्द ही गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।

रुद्रावनम एक नजर में:
लागत – 30.75 करोड़
स्थान – सेवन सेक्टर ग्रेटर बरेली में होगा निर्माण
क्षेत्रफल – 23 एकड़(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *