डीडीयू :गोद लिए गांवों के बच्चों को सम्मानित करेंगी कुलाधिपति

UP / Uttarakhand

( गोरखपुर,UP )14अगस्त,2025.

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के 44वें दीक्षांत समारोह के दौरान कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल डीडीयू की तरफ से गोद लिए गए पांच गांवों के बच्चों को भी सम्मानित करेंगी। दीक्षांत के मंच से इस सम्मान के लिए उन गांवों के बच्चों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। बुधवार को कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने दीक्षांत समारोह के लोगो के अनावरण के दौरान जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि चयनित लोगो का प्रयोग दीक्षांत से संबंधित सभी कार्यक्रमों और मंचों पर किया जाएगा। बताया कि लोगो प्रतियोगिता के तहत कुल विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों से कुल 37 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। निर्णायक मंडल ने इसमें से श्रेष्ठ तीन का चयन किया। यह लोगो अत्यंत आकर्षक है और इसमें स्वतंत्रता दिवस की भावनाओं और राष्ट्रीय गौरव की झलक दिखाई देती है।

इस अवसर पर प्रति कुलपति प्रो. शांतनु रस्तोगी, प्रो. नंदिता सिंह, डॉ. प्रदीप साहनी, डॉ. प्रदीप राजौरिया, डॉ. प्रदीप राव, डॉ. दीपा श्रीवास्तव, डॉ. फीरोजा और डॉ. सुरुचि श्रीवास्तव आदि मौजूद रहीं।

बीए की छात्रा श्रेया विश्वकर्मा का लोगो चयनित:
दीक्षांत के लोगो के लिए बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा श्रेया विश्वकर्मा की प्रविष्टि का चयन किया गया। डीडीयू के ही बीए पंचम सेमेस्टर के छात्र उदय चौहान द्वितीय और बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा सुहानी मोदनवाल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। लोगो समिति की समन्वयक प्रो. सुधा यादव के नेतृत्व में लोगो चयन की प्रक्रिया की गई।

योगेंद्र उपाध्याय व रजनी तिवारी दीक्षांत के विशिष्ट अतिथि:
दीक्षांत समारोह के विशिष्ट अतिथि भी तय कर लिए गए हैं। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय तथा उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी दीक्षांत समारोह के विशिष्ट अतिथि होंगे। उन्होंने इसकी सहमति दे दी है(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *