(गया ,बिहार)06सितम्बर,2025.
बिहार में गया जी की धरती एक बार फिर पितरों की याद में आस्था के सैलाब से भरने वाली है।इस साल पितृपक्ष मेला आज से शुरू होकर 21 सितंबर तक चलेगा. खास बात यह है कि आश्विन कृष्ण षष्ठी और सप्तमी का श्राद्ध एक ही दिन पड़ने के कारण यह मेला 17 नहीं बल्कि 16 दिनों का होगा।
पितृ ऋण से उऋण होने का पर्व : पितृपक्ष को पितृ ऋण से उऋण होने का पर्व माना जाता है. मान्यता है कि इस दौरान पिंडदान करने से पूर्वजों की आत्मा को शांति और मोक्ष की प्राप्ति होती है। गया जी इसी वजह से मोक्ष नगरी के नाम से विख्यात है।
इस बार 16 दिन का होगा मेला : आश्विन कृष्ण षष्ठी और सप्तमी का श्राद्ध 13 सितंबर को एक ही तिथि में पड़ रहा है. यही कारण है कि इस बार पितृपक्ष मेला 16 दिनों का होगा. यह 6 सितंबर से शुरू होकर 21 सितंबर तक चलेगा।
श्राद्ध की तिथियां तय : 6 सितंबर को भाद्र शुक्ल चतुर्दशी से मेला शुरू होगा और 21 सितंबर को सर्वपितृ अमावस्या के साथ इसका समापन होगा. इन दिनों में प्रतिदिन अलग-अलग तीर्थस्थलों पर पिंडदान, श्राद्ध और तर्पण की परंपरा निभाई जाएगी.
15 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों की उम्मीद : इस बार पितृपक्ष मेले में 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है. देश ही नहीं, विदेशों से भी पिंडदानी अपने पूर्वजों के मोक्ष की कामना को लेकर यहां पहुंचते हैं।
पितरों के झूमने की मान्यता : मान्यता है कि जैसे ही पितृपक्ष मेला शुरू होता है, पितर गया जी में पहुंच जाते हैं. अपने वंशज को देखकर वे प्रसन्न होकर झूमने लगते हैं. यही वजह है कि इस पखवाड़े को मोक्ष का सबसे बड़ा अवसर माना जाता है।
”पितृ पक्ष मेला शुरू होते ही गया जी को पितर पहुंच जाते हैं और अपने वंशज का इंतजार करते हैं. अपने वंशज के कदम रखते ही पितर झूमने लगते हैं.” – राजा आचार्य, रामाचार्य मंत्रालय वैदिक पाठशाला, गयाजी
धरोहर है यह परंपरा : गया जी का पितृपक्ष मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि सदियों पुरानी परंपरा को भी जीवित रखता है. यहां पीढ़ियों से लोग पिंडदान करने आते रहे हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए भी यह परंपरा एक धरोहर बन चुकी।(साभार एजेंसी)
