“सांसद खेल स्पर्धा” का आयोजन 14 अक्टूबर से

Uttar Pradesh

(महराजगंज,UP)17सितम्बर,2025.

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने प्रेस वार्ता कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि खेल की संस्कृति गांव-गांव तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से इस वर्ष सांसद खेल स्पर्धा का आयोजन 14 अक्टूबर से 25 दिसंबर तक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वास्थ्य का मूल आधार है। खेलों के माध्यम से युवाओं में प्रतिस्पर्धा, भाईचारा और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।

मंत्री ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 25 दिसंबर को शाहूजी महाराज स्पोर्ट्स स्टेडियम, धनेवा–धनेई में होगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य न सिर्फ ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देना है बल्कि फिट इंडिया और खेलो इंडिया मिशन को घर-घर तक पहुंचाना भी है।

इस बार प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कबड्डी, कुश्ती, हॉकी, फुटबॉल, क्रिकेट जैसे बड़े खेलों के साथ खो-खो, नींबू दौड़, बोरी दौड़, रस्साकसी जैसे पारंपरिक खेल भी शामिल किए गए हैं। प्रतियोगिता चार वर्गों में होगी, जिसमें दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक और स्कूली बच्चों को भी भाग लेने का अवसर मिलेगा। विशेष रूप से योग को भी इसमें शामिल किया गया है।

पंजीकरण व्यवस्था:

ऑनलाइन आवेदन वेबसाइट sansadkhelmahotsav.in व क्यूआर कोड के जरिए शुरू हो चुका है।

ऑफलाइन फॉर्म 26 सितंबर से 8 अक्टूबर तक क्षेत्र पंचायत और नगरपालिका कार्यालयों से लिए और जमा किए जा सकेंगे।

चरणबद्ध आयोजन:

प्रथम चरण: 14 से 17 अक्टूबर तक सदर, परतावल, फरेंदा, नौतनवा और सिसवा ब्लॉकों में।

द्वितीय चरण: 21 से 24 अक्टूबर तक पनियरा, धानी, मिठौरा, निचलौल और लक्ष्मीपुर ब्लॉकों में।

तृतीय चरण: घुघली और बृजमनगंज ब्लॉकों में।इसके बाद विधानसभा स्तर के मुकाबले होंगे और विजेता खिलाड़ी लोकसभा स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

पंकज चौधरी ने बताया कि विजेता खिलाड़ियों को पदक, प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन फिट इंडिया आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का बड़ा अवसर है।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय और सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *