सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ,सीएम बोले-हमारी सेना हो या खिलाड़ी पाकिस्तान को हमेशा धोया

UP / Uttarakhand

(भोपाल,मध्यप्रदेश)24 सितम्बर,2025.

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सेना हो या खिलाड़ी, पाकिस्तान को हमेशा धोने का काम करते हैं। सीएम बुधवार को भोपाल के सुभाष एक्सीलेंस स्कूल ग्राउंड में सांसद खेल महोत्सव 2025 का शुभारंभ के दैरान बोले रहे थे। उन्होंने प्रतिभागियों की तारीफ करते हुए कहा कि आप सभी खूब दूध पियो, खूब घी खाओ और खूब खेलो। जानकारी के लिए बतादें कि इस महोत्सव में 71 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। खेल तीन स्तर पर आयोजित किए जाएंगे ग्राम, ब्लॉक और जिला स्तर पर इसमें 24 खेल शामिल हैं। ग्राम स्तर 6 से 31 अक्टूबर तक और ब्लॉक स्तर 1 नवंबर से 30 नवंबर जबकि 1 से 25 दिसंबर तक जिला स्तर पर होंगे।

सरकार खिलाड़ियों की कर रही पूरी चिंता
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों की पूरी चिंता कर रही है और उन्हें प्रतिस्पर्धा में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। सरकार ने स्पोर्ट्स टीचर के लिए असिस्टेंट प्रोफेसर और कुलगुरु तक की संभावना खोली है। इसी प्रकार से खिलाड़ियों के लिए भी कई संभावनाएं हैं।

खेल समाज के लिए बहुत जरूरी:
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सांसद खेल महोत्सव के दौरान कहा कि जब मलखम की प्रस्तुति चल रही थी, तब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव चाह रहे थे कि काश वे मंच पर नहीं, बल्कि ग्राउंड पर होते ताकि अपनी प्रतिभा दिखा सकें। हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि खेल समाज के लिए बहुत जरूरी हैं। यह सभी उम्र और धर्म के लोगों को एक साथ लाने का काम करता है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य में खेल नहीं हैं, वह राज्य नशे की ओर बढ़ रहे हैं और वहां की युवा पीढ़ी गलत रास्ते पर चल जाती है। खंडेलवाल ने कहा कि मध्य प्रदेश खेलों के मामले में आगे बढ़ रहा है। यह आयोजन न केवल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करता है, बल्कि राज्य की खेल प्रतिभा को भी उजागर करता है। खंडेलवाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह एक सुंदर आयोजन और आनंदमय कार्यक्रम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह के आयोजन आगे भी होते रहेंगे और राज्य के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के अवसर मिलते रहेंगे।

प्रतियोगिता तीन स्तर पर आयोजित:
कार्यक्रम में सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि खिलाड़ियों ने 24 खेलों के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। प्रतियोगिता तीन स्तर पर आयोजित की जाएगी और प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने वालों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। कार्यक्रम की सफलता के लिए आयोजन समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं। समिति के सदस्यों ने बताया कि वे खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं।

अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करें
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेल हमारे जीवन में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह न केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि हमारे मानसिक स्वास्थ्य को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे अपने खेल के प्रति समर्पित रहें और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत करें।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *