(वाराणसी,UP) 25सितम्बर,2025.
एमएसएमई की ओर से पिंडरा, वाराणसी में बनने वाले टेक्नोलॉजी पार्क से पूर्वांचल के युवाओं को रोजगार मिलेगा। यहां सुई से लेकर हवाई जहाज तक सबको बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पर 200 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
एमएसएमई के सहायक निदेशक राजेश कुमार के मुताबिक, राज्य सरकार ने जमीन उपलब्ध करा दी है। निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा। टेक्नोलॉजी पार्क बनने के बाद बनारस और पूर्वांचल के युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
उद्योग और व्यापार से संबंधित उच्च स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण मिल सकेगा। यहां ट्रेन, बस, मोबाइल के उपकरणों के निर्माण, डिजाइन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। आठवीं से लेकर बीटेक की पढ़ाई करने वालों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के लिए डिप्लोमा टूल एंड मैकेनिकल, डिप्लोमा इन मेकाट्रॉनिक्स और डिप्लोमा इन मैकेनिकल जैसे कोर्स संचालित किए जाएंगे। इसके जरिये युवाओं को कुशल बनाया जाएगा।(साभार एजेंसी)
