(शिमला,हिमाचल प्रदेश)05अक्टूबर,2025.
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) चरण-4 के तहत हिमाचल प्रदेश में लगभग 2000 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित राज्यों के मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के बाद लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कों के विषय में विस्तार से चर्चा की गई।
हिमाचल प्रदेश को पीएमजीएसवाई चरण-4 में 2000 किलोमीटर नई सड़कों की स्वीकृति मिलने जा रही है। इन सड़कों के निर्माण से प्रदेश के अनछुए व दुर्गम क्षेत्रों को जोड़ने में मदद मिलेगी। प्रदेश के जनजातीय और दूर-दराज के इलाकों की कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने में भी यह सड़कें लाभप्रद साबित होंगी। सड़कों के निर्माण में फुल डेप्थ रिक्लेमेशन जैसी नई तकनीकों का उपयोग होगा, जिससे सड़क निर्माण की गुणवत्ता और टिकाऊपन बढ़ेगा।(साभार एजेंसी)
