(लखनऊ,UP)16अक्टूबर,2025.
लखनऊ के मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने बुधवार को छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए गोमती के कई घाटों का निरीक्षण किया। लक्ष्मण मेला मैदान, झूलेलाल वाटिका घाट, सझिया घाट, कुड़ियाघाट, खाटू श्याम मंदिर घाट, छठ पूजा स्थल प्रथम व द्वितीय (शहीद पथ) और पिकनिक स्पॉट घाट (कुकरैल) पहुंचकर उन्होंने नगर आयुक्त गौरव कुमार और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहार से पहले सभी व्यवस्थाए ठीक की जाएं।
मंडलायुक्त ने कहा कि छठ घाट पर सफाई और प्रकाश की व्यवस्था, चिकित्सा कैंप और अस्थायी शौचालय, दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियों, यातायात पुलिस और नागरिक पुलिस की तैनाती, गोताखोर, स्टीमर और नाव, विद्युत सुरक्षा, फॉगिंग और पानी के छिड़काव, रास्ते को वन-वे करना, टूटी रेलिंग की मरम्मत, थर्मल चेकिंग, वीवीआईपी की सुरक्षा और पर्याप्त सुरक्षा बल, जल संस्थान की ओर से पानी के टैंक की व्यवस्था कर ली जाए।
घाटों पर न आने पाए बदबू
मंडलायुक्त ने कहा कि छठ पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन व अन्य कई लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। कई गणमान्य लोग भी पहुंचेंगे। लिहाजा घाटों पर नगर निगम एंटी आडर ट्रीटमेंट भी करा लें, जिससे घाटों पर बदबू न रहे। उन्होंने कहा कि सभी सफाईकर्मी ड्रेसकोड में कार्य करते हुए मिलने चाहिए।(साभार एजेंसी)
