(लखनऊ,UP)27अक्टूबर,2025.
बिहार की तरह ही अब उत्तर प्रदेश में भी मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) किया जाएगा। इसकी घोषणा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार गुप्ता ने कर दी है। इसके साथ ही जिन 12 राज्यों में एसआईआर की घोषणा की गई है उन सभी राज्यों की मतदाता सूचियां आज रात 12 बजे फ्रीज कर दी जाएंगी।
इस प्रक्रिया के तहत प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों के हर बूथ की वोटर लिस्ट की जांच की जाएगी और संदिग्ध लोगों से दस्तावेज मांगे जाएंगे। एसआईआर चुनाव आयोग की एक प्रक्रिया है जिसके तहत वोटर लिस्ट को अपडेट किया जाता है। नए वोटरों को जोड़ा जाता है। वहीं, ऐसे लोग जिनकी मृत्यु हो चुकी है या फिर कहीं दूसरी जगह रहने चले गए हैं उनके नाम हटाए जाएंगे। एसआईआर को पूरा करने के लिए बीएलओ खुद घर-घर जाकर फॉर्म भरवाएंगे।
उत्तर प्रदेश सहित 12 राज्यों में होगा एसआईआर
पूरे देश के 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में एसआईआर की जाएगी। इसमें अंडमान और निकोबार, छत्तीसगढ़, गोवा, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुद्दुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। इन राज्यों में कुल मतदाताओं की संख्या करीब 51 करोड़ हैं, जबकि यहां 5 लाख 33 हजार से ज्यादा पोलिंग स्टेशन और बीएलओ तैनात किए जाएंगे।(साभार एजेंसी)
