(लखनऊ,UP)24फरवरी,2026
उत्तर प्रदेश में फरवरी के अंतिम दिनों में ही गर्मी का असर साफ दिखने लगा है। सुबह की हल्की ठंड अब लगभग गायब है, जबकि दोपहर में धूप चुभने लगी है। सोमवार को प्रदेश के पांच जिलों में अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।
31.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ आगरा प्रदेश में सर्वाधिक गर्म रहा। मौसम विभाग का कहना है तापमान में अभी और बढ़ोतरी के संकेत हैं। अगले दो दिनों में अधिकतम पारा करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन दिन और रात का तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में प्रदेशभर में मौसम शुष्क और साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। लगातार साफ आसमान और तेज धूप के कारण दिन का तापमान क्रमश: बढ़ेगा।
तीखी होगी धूप,और चढ़ेगा पारा:
दिन के तापमान में मामूली कमी के बावजूद सोमवार को राजधानी में तीखी धूप ने लोगों को परेशान किया। सुबह शाम की हल्की ठंड भी अब गायब है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि आने वाले दिनों में धूप और कड़ी होगी जिससे दिन व रात के तापमान में क्रमश: बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री की मामूली गिरावट के साथ 28.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री की गिरावट के साथ 13.4 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ।
आईएमडी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश में भी ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई। कुल्लू, किन्नौर और धर्मशाला में हल्की बारिश हुई, जबकि मनाली में दिन के समय धूप खिली रही। राज्य में तापमान का अंतर काफी साफ नजर आया।ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रदेश में 26-28 फरवरी के दौरान हल्की बारिश के साथ बर्फबारी का दौर देखने को मिल सकता है। हालांकि, बाकी दिनों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
पहाड़ों पर हो सकती है बर्फबारी:
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा अपडेट के अनुसार उत्तराखंड के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती प्रसार सक्रिय है, जिसका असर पहाड़ी जिलों में दिखाई देने लगा है। सोमवार को प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई। 24 और 25 फरवरी को भी राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों, खासकर 3,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।(साभार एजेंसी)
