(अमृतसर,पंजाब)27मार्च,2026.
पंजाब के मेडिकल काॅलेजों का नर्सिंग स्टाफ हड़ताल पर चला गया है। इसके बाद प्रदेश सरकार ने एस्मा लागू कर दिया है। मेडिकल एजुकेशन विभाग के सचिव ने बताया कि कर्मचारियों को तुरंत हड़ताल खत्म कर काम पर लौटने के लिए कहा गया है।
यूनाइटेड नर्सेज एसोसिएशन ऑफ पंजाब ने 2021 में कांग्रेस सरकार में नर्सिंग कैडर का ग्रेड पे 4600 रुपये से बिना किसी वजह के घटाकर 2800 रुपये करने के विरोध में संघर्ष शुरू कर दिया है।
अमृतसर में गुरु नानक देव अस्पताल में एसोसिएशन के प्रधान रमनजीत सिंह ने कहा कि सरकार के इस फैसले से नर्सों की सैलरी में कटौती हुई है, जिसका असर सभी कैडर पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज अमृतसर, पटियाला और मोहाली की नर्सों ने अनिश्चितकालीन विरोध प्रदर्शन करके साफ कर दिया है कि इस बार लड़ाई आर-पार की होगी।
रमनजीत सिंह ने कहा कि हड़ताल कोई अचानक उठाया कदम नहीं है, बल्कि सरकार की पिछले 5-6 साल की लापरवाही का नतीजा है। जिस कारण अमृतसर मेडिकल कॉलेजों ने अपनी सेहत सर्विस बंद कर दी हैं, नर्सिंग स्टाफ हड़ताल पर जाने के कारण मरीजों का परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसकी जिम्मेदार पंजाब सरकार है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। सरकार ने मीटिंग बुलाई है, अगर मीटिंग में कोई सही नतीजा नहीं निकला तो हड़ताल लगातार जारी रहेगी।(साभार एजेंसी)
