(अंबाला,हरियाणा) 30मार्च,2026.
अंबाला छावनी में सेवा सिमरन सोसायटी,गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा बीसी बाजार की ओर से गांधी मैदान में 29वां गुरमत समागम आयोजित हुआ। शाम छह बजे से शुरू हुआ यह कार्यक्रम सोमवार सुबह तीन बजे तक जारी रहा। इसमें अंबाला समेत आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में पहुंची संगत ने गुरु चरणों में हाजिरी लगाई। समागम में पहुंचे रागी और ढाड़ी जत्थों ने कथा-कीर्तन से वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
श्री दरबार साहिब अमृतसर के हजूरी रागी भाई करनैल सिंह ने जत्थे के साथ कीर्तन कर संगत को भाव-विभोर कर दिया। ऑस्ट्रेलिया से आए भाई गुरदेव सिंह और दिल्ली से आए भाई जसप्रीत सिंह सोनू वीर ने गुरमत विचारों के जरिए गुरु साहिबान के संदेश को साझा किया। बीबी दलेर कौर के खालसा ढाड़ी जत्थे ने वीरतापूर्ण वार सुनाकर सिख इतिहास के गौरवमयी पन्नों को जीवंत कर दिया। इनके अलावा भाई महताब सिंह जालंधर और भाई बलप्रीत सिंह लुधियाना ने भी शिरकत की।
संगत में दिखा उत्साह:
देर रात तक चले समागम में संगत का उत्साह कम नहीं हुआ। सेवादारों की ओर से गुरु का लंगर अटूट वितरित किया गया। इस अवसर पर सेवा सिमरन सोसाइटी के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। वही संगतों की प्रत्येक सुविधा का भी ध्यान रखा गया। इसमें वाहन पार्किंग से लेकर जोड़ा घर की सुविधा विशेष रही। वहीं बुजुर्गों को भी पंडाल तक लाने की विशेष व्यवस्था की गई थी।
रोशन हुआ हाइवे:
समागम का विशेष आकर्षण अंबाला-साहा हाईवे पर की गई रोशनी रहा। हाईवे को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था। वहीं अमृत वाणी का प्रसार करने के लिए स्पीकर भी लगाए गए ताकि हाईवे से गुजरने वाले लोगों और वाहन चालकों को वाणी सुनाई दे। सुरक्षा के लिए भी अंबाला पुलिस के जवान तैनात रहे।(साभार एजेंसी)
