(चंडीगढ़,हरियाणा)2अप्रैल,2026.
हरियाणा राज्य के पांच जिलों में सात नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के निर्माण के लिए 37.60 करोड़ की मंजूरी दी गई है। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि इन नए पीएचसी के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। यह पीएचसी फतेहाबाद के बनगांव और समैण, हिसार के लाडवा, रोहतक के गिरावड़ और समर गोपालपुर, सोनीपत के फरमाणा और सरगथल खोल जाएंगे।
मंत्री के मुताबिक सिरसा के मल्लेकन गांव में मौजूदा पीएचसी भवन को जर्जर और असुरक्षित घोषित किया जा चुका है। इसके स्थान पर भी अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया भवन बनाया जाएगा। अन्य गांवों में पहली बार पीएचसी भवनों का निर्माण किया जाएगा जिससे आसपास के क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं घर के नजदीक मिल सके। इन पीएचसी के भवन निर्माण कार्य को पूरा करने में लगभग 18 से 24 महीने का समय लगेगा। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इन पीएचसी के शुरू होने से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी बल्कि बड़े अस्पतालों पर भी दबाव कम होगा।(साभार एजेंसी)
