मौसम ने एक ही दिन में बदले कई रंग

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)5अप्रैल,2026.

पश्चिमी विक्षोभ का असर लखनऊ में भी बारिश के रूप में देखने को मिला। दोपहर में खिली धूप के बाद शाम को चली तेज हवाओं ने मौसम को बदल दिया। इसके बाद शुरू हुई रिमझिम बारिश रात तक जारी रही। अप्रैल के महीने में अमूमन लखनऊ का ऐसा मौसम कम ही देखने को मिलता है। बादलों की गर्जना के बीच बारिश ने मौसम को खुशगवार बना दिया और वीकेंड पर अवध की इस सुहानी शाम का लोगों ने आनंद भी उठाया।

शनिवार शाम रिमझिम होती रही बारिश से मौसम खुशगवार हुआ लेकिन बाजारों और सड़कों पर आम दिनों की अपेक्षा भीड़भाड़ कम रही। वाहनों की आवाजाही के साथ ही बाजारों में जल्द ही सन्नाटा छा गया। शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, शाम साढ़े पांच बजे तक लखनऊ में 16 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। हालांकि, बारिश का यह क्रम देर रात तक जारी रहा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह और मो. दानिश के अनुसार, रविवार को भी बादल छाए रहेंगे। बूंदाबांदी भी हो सकती है। हालांकि, सोमवार को मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 7 से 9 अप्रैल के दौरान आंधी-तूफान के साथ संभावित वर्षा के अगले दौर के कारण तापमान में फिर से 3-5 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *