बागवानी विभाग में 40 लाख रुपये का घोटाला

Punjab/ Hariyana

(अंबाला,हरियाणा) 13अप्रैल,2026

हरियाणा के अंबाला में बागवानी विभाग में लगभग 40 लाख रुपये की सब्सिडी घोटाले के मामले में सोमवार को आर्थिक अपराध शाखा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। पिछले साल जनवरी 2025 में मुख्यमंत्री फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने इस घोटाले का खुलासा किया था, जिसके बाद तत्कालीन जिला बागवानी अधिकारी समेत कुल नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।

विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने सोमवार को माली हैप्पी सिंह, माली नवनीत, सलाहकार शिवम, माली राजेश कुमार और लेखाकार गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस अब रिमांड के दौरान इन आरोपियों से सख्त पूछताछ करेगी कि गबन की गई लाखों रुपये की राशि कहां छिपाई गई है और इस घोटाले में विभाग के अन्य बड़े अधिकारी कौन-कौन शामिल थे।

मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस ने संकेत दिया है कि जल्द ही अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। यह मामला सरकारी सब्सिडी योजनाओं में दस्तावेजों की सही जांच न करने और मिलीभगत की आम समस्या को एक बार फिर उजागर करता है। हरियाणा सरकार ऐसे घोटालों पर सख्त रुख अपनाए हुए हैं और आगे की जांच से कई और बड़े नाम सामने आने की संभावना है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *