(इटावा,UP)15अप्रैल,2026
इटावा जिले में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ.अजय सिंह के अथक प्रयासों से प्रदेश का दूसरा ट्रांसजेंडर क्लिनिक का शुभारंभ हुआ। क्लिनिक का उद्घाटन करते हुए कुलपति महोदय ने कहा कि इंसान में असमान्यता कोई बड़ी बीमारी नहीं है और सही समय से उसका इलाज संभव हो सकता है। चिकित्सालयों में किन्नर समाज को अलग-थलग और परित्यकत देखकर मेरे लिए भावनात्मक पल होता है और मैं कोशिश करता हूं कि उनकी हर संभव मदद की जा सके।
उन्होंने बताया कि सहज आरोग्य क्लिनिक के नाम से न्यू ओपीड़ी भवन के भूतल में कक्ष संख्या जी-टू में माह के प्रथम बुधवार को चिकित्सकों की टीम के द्वारा मरीजों की समस्याओं का निदान किया जाएगा। ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के हर प्रकार के इलाज किए जाएंगे। इसके साथ ही साइकाइट्रिक ट्रीटमेंट भी दिया जायेगा. यहां पर इलाज के लिए अलग-अलग विभाग से डॉक्टर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
मरीजों को एक छत के नीचे हर प्रकार की सुविधाएं
डॉ.अजय सिंह ने बताया कि भारत सरकार ट्रांसजेंडर कम्युनिटी को हर प्रकार से समानता के अधिकार दे रही है। मेडिकल सर्विसेज में भी इन्हें प्राथमिकता मिलनी चाहिए। इसलिए इस क्लिनिक की शुरुआत की गई है। ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के सभी मरीजों को एक छत के नीचे हर प्रकार की सुविधाएं और परामर्श सुनिश्चित किए जाएंगे। यहां पर निसंकोच किन्नर समाज के लोग आकर अपना उचित इलाज करवा सकते हैं।
बेहतर तरीके से हो सकता है ट्रांसजेंडर्स का उपचार:
डॉ.अजय सिंह ने ट्रांसजेंडर कम्युनिटी से अपील की है कि वे अपनी पहचान छुपाए न, न ही इसे कोई अभिशाप समझें। उन्होंने गैर सरकारी संगठनों खासकर रेखा चतुर्वेदी वारसी सेवा सदन की संयोजक से अपील की इस समुदाय के हित में उन्हें यूपीयूएमएस सैफई के सहज आरोग्य क्लीनिक में लाएं, ताकि उनका सही तरीके से इलाज हो सके। बचपन में ट्रांसजेंडर्स का उपचार बेहतर तरीके से हो सकता है। इसलिए पता लगते ही यूपीयूएमएस आकर माह के प्रथम बुधवार को डॉक्टरों से संपर्क करें।(साभार एजेंसी)
