(चंडीगढ़,हरियाणा)26अप्रैल,2026
मई में हरियाणा राज्य के 10 शहरों में सिटी बसों की संख्या बढ़ जाएगी। मई के आखिर तक 90 इलेक्टि्रक बसें संबंधित शहरों में पहुंचेंगी। अभी तक प्रदेश में 65 सिटी बसों का संचालन हो रहा है। उम्मीद है कि जून के पहले सप्ताह तक सिटी बसों की संख्या बढ़कर 155 तक हो जाएगी। नई 90 बसाें के संचालन से पहले एक विभागीय कमेटी बसों का अवलोकन करेगी। इसमें तकनीकी और अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी। इसी जांच के बाद संबंधित जिलों में बस निर्माता कंपनियों की ओर से बसें भेजी जाएंगी।
हरियाणा राज्य में सिटी बस सेवा की शुरुआत 2024 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समय की गई थी। शुरुआत में पंचकूला, हिसार, रेवाड़ी, रोहतक, सोनीपत, करनाल, पानीपत, यमुनानगर, अंबाला शहर में सिटी बस सेवा शुरू की गई थी। पिछले वर्ष इस योजना में कुरुक्षेत्र को भी शामिल किया गया। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने वाहनों के संचालन के कारण होने वाले प्रदूषण को रोकने के लिए इलेक्टि्रक बसों के संचालन का निर्देश दिया था। इन निर्देशों के पालन में राज्य परिवहन विभाग कुल 375 इलेक्टि्रक बसों का संचालन करेगा(साभार एजेंसी)
