हरियाणा निकाय चुनाव :मतदान केंद्रों पर उमड़ी भीड़

Hariyana

(चंडीगढ़,हरियाणा)10मई,2026.

हरियाणा के सात नगर निकायों और अन्य परिषदों के लिए रविवार सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। ‘शहर की सरकार’ चुनने के लिए कुल 8,71,048 मतदाता, जिनमें 4,21,679 महिला मतदाता शामिल हैं, आज प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। चुनाव को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह है और सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखी जा सकती हैं।

दिग्गज भी निभा रहे जिम्मेदारी:
पंचकूला में विधायक चंद्रमोहन ने अपने परिवार सहित सेक्टर-8 में मतदान किया। वहीं, पंचकूला के पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल ने भी पत्नी व बेटी के साथ अपना वोट डाला। अंबाला में नगर निगम चुनाव को लेकर मेयर पद की आजाद प्रत्याशी सोनिया चौधरी ने सुबह सवेरे मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

अंबाला में फोन में था ‘आधार’, कई लोग नहीं डाल पाए वोट:
अंबाला सिटी के मतदान केंद्रों पर पुलिस प्रशासन द्वारा मोबाइल ले जाने पर रोक लगाई गई थी। ऐसे में जिन लोगों का आधार कार्ड फोन में डाउनलोड था, वे वोट डालने से वंचित रह गए। इस समस्या को लेकर जब कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों ने मुद्दा उठाया, तो पुलिस ने मतदान केंद्र के बाहर कंप्यूटर और प्रिंटर लगाने की अनुमति दी ताकि लोग अपना पहचान पत्र प्रिंट कर वोट डाल सकें। वहीं अंबाला के बलदेव नगर में मतदाताओं ने मतदान प्रक्रिया जानबूझकर धीमी करने का आरोप लगाया; यहाँ एक मतदाता ने गुस्से में अपनी पर्ची तक फाड़ दी।

झज्जर में पकड़ा गया फर्जी वोटर:
झज्जर नगर परिषद के वार्ड-13 उपचुनाव में उस समय हंगामा हो गया, जब पार्षद प्रत्याशी सुधांशु ने एक युवक को फर्जी वोट डालते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोप है कि यह युवक साहिल नामक किसी अन्य व्यक्ति का वोट डालने आया था। पुलिस ने जब युवक से पूछताछ की तो उसने कबूला कि असली वोटर गुरुग्राम में है, इसलिए वह उसका वोट डालने आ गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम:
युवाओं से लेकर बुजुर्गों और महिलाओं तक सभी वर्गों में चुनाव को लेकर जोश है। छुटपुट विवादों को छोड़कर प्रदेश में चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। प्रशासन द्वारा सभी संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
रेवाड़ी में मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह
वार्ड 15 व 18 में रविवार सुबह से मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह 11 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है।

धारूहेड़ा में सुबह 11 बजे तक 4331 वोट पड़ चुके हैं और यहां मतदान प्रतिशत 17.6 दर्ज किया गया है। वहीं, रेवाड़ी में 16638 मतदाता अपने वोट डाल चुके हैं तथा मतदान प्रतिशत 14.4 रहा। दोनों क्षेत्रों को मिलाकर अब तक कुल 20969 वोट पड़ चुके हैं और कुल मतदान प्रतिशत 14.9 दर्ज किया गया है।
एसपी अंबाला ने किया मतदान केंद्रों का निरिक्षण
अंबाला नगर निगम चुनाव के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने व शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक अंबाला अजीत सिंह शेखावत ने विभिन्न संवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा किया। गांव घेल, नसीरपुर, आईटीआई, सरकारी स्कूल प्रेम नगर, गांव काकरू और मंडोर सहित कई महत्वपूर्ण बूथों का गहन निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सुरक्षा घेरे का जायजा लिया ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने वाले या अफवाह फैलाने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से बातचीत करते हुए एसपी शेखावत ने अपील की कि वह बिना किसी डर या दबाव के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर वोट कीमती है। शांतिपूर्वक तरीके से अधिक से अधिक संख्या में घर से निकलें।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *