(चंडीगढ़,हरियाणा)20मई,2026.
हरियाणा में बढ़ती गर्मी को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा मंत्री ने चंडीगढ़ में हुई बैठक के दौरान 25 मई सोमवार से सरकारी स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां करने का एलान किया है। स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश 25 मई से 30 जून तक रहेगा। वैसे हर साल 1 जून से स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां होती थीं। इस बैठक में सीएम सैनी भी मौजूद थे। वहीं, बैठक में सरकारी स्कूलों में आधारभूत इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर समीक्षा बैठक हुई। वहीं, स्कूलों में जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा हुई।
कक्षा में अध्यापक नहीं चला सकेंगे फोन:
इसके अलावा शिक्षा मंत्री ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि राज्य के सरकारी स्कूलों में कोई भी अध्यापक अब क्लास में मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। वहीं, शिक्षा मंत्री ने स्कूली पाठ्यक्रम में श्रमदान को शामिल करने की घोषणा की है।
हरियाणा में पड़ रही प्रचंड गर्मी
बता दें कि हरियाणा में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है। बुधवार को भी लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय सड़कें सुनसान दिखी। मौसम विभाग के मुताबिक अभी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली। राज्य के पांच जिलों में 45 डिग्री या उससे ऊपर तापमान दर्ज किया गया है। वहीं, मंगलवार को सबसे अधिक पारा 46.9 डिग्री सेल्सियस रोहतक में दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.2 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने राज्य में 25 मई तक भीषण गर्मी व लू की चेतावनी जारी की है। इसके लिए 25 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।(साभार एजेंसी)
