बिजनौर में मुख्यमंत्री योगी की जनसभा में जुटी भीड़

UP / Uttarakhand

(लखनऊ,UP)01जून,2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को बिजनौर जिले के आलमपुर गांवड़ी पहुंचे। दोपहर करीब एक बजकर पचपन मिनट पर उनका हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने उनका स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार विदुर ब्रांड उत्पादों, कृषि एवं उद्यानिकी प्रदर्शनी, ऊर्जा विकास से जुड़े स्टालों तथा पुलिस विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने प्रेरणा कैफे का उद्घाटन भी किया।

शरणार्थी परिवारों और पूर्व सैनिकों से की मुलाकात:
मुख्यमंत्री ने पाकिस्तान से विस्थापित होकर आए परिवारों और पूर्व सैनिकों से मुलाकात की। इस दौरान किसानों और पूर्व सैनिकों को अधिकार पत्र तथा खतौनी वितरित की गई। उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया और लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।

गाय को हमने माता माना है,पशु नही:
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग को लेकर चर्चा हो रही है, लेकिन मां और संतान के रिश्ते को किसी घोषणा की आवश्यकता नहीं होती।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और वह आस्था तथा संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जैसे गंगा को माता कहा जाता है, उसी प्रकार गौ माता भी भारतीय जीवन और परंपरा का महत्वपूर्ण आधार हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमिधरी अधिकार मिलने से लाभार्थियों को भूमि पर वैधानिक स्वामित्व प्राप्त होगा। इससे उन्हें सम्मान, सुरक्षा और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद करते हुए सरकारी योजनाओं का सदुपयोग कर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और स्वयं सहायता समूहों से जुड़े लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, डेमो चेक और प्रमाण पत्र भी वितरित किए। विभिन्न विभागों द्वारा चयनित 11 प्रेरणादायी लाभार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित विदुर प्रेरणा कैफे सहित अन्य विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए संकल्पित है।

कार्यक्रम में सांसद चंदन चौहान, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष साकेंद्र प्रताप सिंह, विधायक सूची चौधरी, अशोक राणा, ओम कुमार, सुशांत सिंह, जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *