वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय,20 जिलों में यलो अलर्ट

Rajasthan

(जयपुर,राजस्थान)02जून,2026

राजस्थान में भीषण गर्मी के बाद मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। लगातार दूसरे दिन रेत के बवंडर, आंधी और बारिश के बाद सोमवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग ने 20 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए 4 जून तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई है।

सोमवार सुबह सवाई माधोपुर और आसपास के इलाकों में बारिश हुई, जबकि जयपुर और दौसा में सुबह से बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही स्वरूप बना रहेगा।

रविवार को जैसलमेर के सीमावर्ती क्षेत्रों में दोपहर बाद तेज रेत का बवंडर उठा, जिससे कई इलाकों में दृश्यता प्रभावित हुई। बाद में बारिश और ओलावृष्टि होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू, जैसलमेर, जोधपुर, उदयपुर, बाड़मेर और जालोर सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

हीटवेव से मिली राहत

पिछले सप्ताह 45 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा तापमान अब कई शहरों में 35 से 38 डिग्री के बीच आ गया है। जयपुर, अजमेर, सीकर, अलवर और कोटा सहित अधिकांश शहरों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि सक्रिय वेदर सिस्टम के चलते अगले कुछ दिनों तक लू चलने की संभावना कम रहेगी।

अगले चार दिन कैसा रहेगा मौसम?

  • 4 जून तक आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना। कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पूर्वी और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी संभव है। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने का अनुमान है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में फिलहाल भीषण गर्मी से राहत बनी रहेगी और जून के पहले सप्ताह तक मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहने की संभावना है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *