(गोरखपुर,UP)12जून,2026.
मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने शोध और अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। ग्लोबल साइंटिफिक इंडेक्स (जीएसआइ) जून-2026 में कुलपति सहित आठ शिक्षकों को स्थान मिला है।
विश्व स्तर पर वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं की उपलब्धियों का मूल्यांकन करने वाले इस प्रतिष्ठित सूचकांक में यांत्रिक अभियंत्रण विभाग के डॉ. मनोज कुमार गुप्ता ने शीर्ष एक प्रतिशत में जगह बनाकर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उनके अलावा कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा, रसायन अभियंत्रण विभाग के डॉ. रवि शंकर, प्रो. संजय मिश्र, डॉ. पल्लव गुप्ता, डॉ. सत्य प्रकाश यादव, प्रो. डीके द्विवेदी और डॉ. सात्विक वत्स को भी शीर्ष पांच प्रतिशत शोधकर्ताओं में शामिल किया गया है।
यह चयन शिक्षकों के शोध पत्रों की गुणवत्ता, अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशन, शोध उद्धरणों, नवाचार व शोधार्थियों के मार्गदर्शन जैसे मानकों के आधार पर किया गया है।
इस संबंध में कुलपति प्रो.अनुपमा कौशिक शर्मा ने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार के लिए यह गौरव का क्षण है। यह सम्मान शिक्षकों की निष्ठा, परिश्रम और शोध उत्कृष्टता का प्रतिफल है। इससे विश्वविद्यालय की शोध एवं शैक्षणिक प्रतिष्ठा भविष्य में और अधिक सुदृढ़ होगी।(साभार एजेंसी)
