(जौनपुर,UP)15जून,2026
जौनपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्के घर का सपना देख रहे 1.63 लाख परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। अब पूरी पात्रता ग्राम सभा की खुली बैठक में तय होगी। यानी गांव की चौपाल पर ही यह फैसला होगा कि कौन सच में हकदार है और कौन सूची से बाहर होगा।
गरीबों को आशियाना उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार ने 10 साल पहले प्रधानमंत्री आवास योजना शुरू की थी। वर्ष 2016-17 से 97 हजार 647 जरूरतमंदों को आवास आवंटित किए गए हैं। 2023 में स्वीकृत आवास 1624 और 2024 में 243 आवासों के बाद कोई लक्ष्य तय नहीं हुआ। साल 2018 में आवास प्लस के तहत हुए सर्वे में चयनित पात्रों को योजना का लाभ दिया गया था।
2024 में शासन ने कुछ बदलावों के साथ योजना के लिए सर्वे कराने के आदेश जारी किए। अक्टूबर 2025 तक सर्वे कर आवेदन लिए गए। 21 ब्लॉकों से एक लाख 63 हजार 280 लोग आवास की कतार में लग गए। अब गांव में बैठक के दौरान आवेदन करने वाले लाभार्थियों की हकीकत देखी जाएगी कि वे आवास के पात्र हैं या नहीं। उनका पक्का घर है कि नहीं। इन बिंदुओं पर नजर रखी जाएगी।(साभार एजेंसी)
