युद्धपोत ‘तरकश’,‘ईक्षक’ ने सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया की यात्रा की

National

(नई दिल्ली)02जुलाई,2026

भारतीय नौसेना के युद्धपोत ‘तरकश’ और ‘इक्षक’ ने सेशेल्स के पोर्ट विक्टोरिया की अपनी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की। इस दौरान सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस और स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित विभिन्न पेशेवर, औपचारिक एवं सामुदायिक गतिविधियों में दोनों जहाजों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिनका सफलतापूर्वक समापन हुआ।

यात्रा के दौरान आईएनएस ‘तरकश’ के मार्चिंग दल और नौसेना बैंड ने सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस परेड में भाग लिया। इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। यह सहभागिता भारत और सेशेल्स के बीच गहरे, ऐतिहासिक व मजबूत समुद्री संबंधों की प्रतीक रही।

आईएनएस ‘इक्षक’ पर 300 से अधिक आगंतुकों ने भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें जहाज की अत्याधुनिक हाइड्रोग्राफिक सर्वेक्षण क्षमताओं से अवगत कराया गया। इससे उन्हें हिंद महासागर क्षेत्र में हाइड्रोग्राफिक सहयोग के लिए भारतीय नौसेना के योगदान को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

आईएनएस ‘इक्षक’ के दल ने सामुदायिक संपर्क गतिविधियों के तहत, सेशेल्स में भारत के उच्चायोग के साथ मिलकर इंग्लिश रिवर होम में एक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया और वहां रहने वालों को प्राथमिक उपचार किट तथा आवश्यक सामग्री वितरित की। इससे स्थानीय समुदायों के कल्याण के प्रति साझा प्रतिबद्धता दोहराई गई।

आईएनएस ‘तरकश’ और आईएनएस ‘इक्षक’ का यह दौरा भारत सरकार के ‘महासागर’ महासागर (क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए आपसी एवं समग्र प्रगति) दृष्टिकोण के अनुरूप हिंद महासागर क्षेत्र के मित्र समुद्री देशों के साथ समुद्री सहयोग को मजबूत करने के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। यह तैनाती आपसी तालमेल, क्षमता निर्माण और समुद्री सुरक्षा को बढ़ावा देने पर भारतीय नौसेना के निरंतर फोकस को भी दर्शाती है। साथ ही, इससे भारत व सेशेल्स के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों एवं रक्षा साझेदारी को और मजबूती मिली है।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *