(लखनऊ,UP)05जुलाई,2026.
उत्तर प्रदेश में एकीकृत ट्रॉमा नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य दुर्घटना या आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर उपचार देना है। साथ ही, हर जिले में कैंसर केयर की सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिए हैं।
उन्होंने स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के विशेषज्ञों के साथ बैठक की। इसमें राज्य कैंसर टास्क फोर्स और उत्तर प्रदेश ट्रॉमा एवं इमरजेंसी नेटवर्क (यूपीटीईएन) की कार्ययोजनाओं की समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चरणबद्ध और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
60 मिनट के भीतर विशेषज्ञ उपलब्ध कराना:
उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को उपचार केंद्रित न रखकर रोकथाम, शीघ्र पहचान और गुणवत्तापूर्ण उपचार पर बल दिया। मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने को कहा। एआई आधारित डिजिटल रेफरल प्रणाली भी विकसित की जाएगी। इसका लक्ष्य 95 फीसदी आबादी को 60 मिनट के भीतर विशेषज्ञ आपात चिकित्सा उपलब्ध कराना है।(साभार एजेंसी)
