हाई अलर्ट पर जालंधर,कैंट रेलवे स्टेशन पर कड़ी सुरक्षा

Hariyana

(चंडीगढ़,पंजाब)16जुलाई,2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जालंधर दौरे से पहले पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर है। प्रधानमंत्री पुनर्निर्मित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। पंजाब पुलिस ने रेलवे स्टेशन, कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं।

डीजीपी गौरव यादव स्वयं जालंधर पहुंचे और कैंट रेलवे स्टेशन का दौरा कर सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उनके साथ पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह सहित कई जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। डीजीपी ने अधिकारियों को प्रधानमंत्री के रूट, रेलवे स्टेशन और कार्यक्रम स्थल पर चप्पे-चप्पे की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। विभिन्न जिलों से एसएसपी रैंक के अधिकारियों को भी सुरक्षा ड्यूटी पर लगाया गया है।

ट्रैफिक डायवर्जन, यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी
कड़ी सुरक्षा और नाकाबंदी के चलते रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले यात्रियों की सघन जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। विशेष डीजीपी (कानून व्यवस्था) प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि 17 जुलाई को दोपहर 2 बजे से शाम 5:30 बजे तक जालंधर, लुधियाना, अमृतसर और पठानकोट को जोड़ने वाले एनएच-44 पर अनावश्यक यात्रा से बचें। जिन लोगों को यात्रा करना जरूरी हो, वे निर्धारित समय से पहले या बाद में सफर करें।

ट्रैफिक जाम में फंसी एंबुलेंस:
सुरक्षा कारणों से कई रूट डायवर्ट किए गए हैं, जिससे शहर में कई जगह लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला। इस दौरान एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। एंबुलेंस चालक शेर सिंह ने बताया कि वह मरीज को मुकेरियां से डीएमसी अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन भारी जाम के कारण रास्ते में फंस गए।

जनता की सुविधा का भी रखा जाएगा ध्यान
प्रवीण कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रधानमंत्री करीब 3:40 बजे जालंधर पहुंचेंगे और लगभग डेढ़ घंटे तक शहर में रहेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोकना नहीं है। जहां आवश्यक होगा, वहां वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा और ट्रैफिक प्रतिबंध न्यूनतम समय के लिए ही लागू किए जाएंगे, ताकि लोगों को कम से कम असुविधा हो(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *