(चंडीगढ़,पंजाब)16जुलाई,2026
पंजाब में मानसून की धीमी रफ्तार के कारण एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन राज्य के आठ जिलों में गर्मी और उमस की स्थिति रहने का अलर्ट जारी किया है। वहीं 20 जुलाई से पंजाब में भारी बारिश होने की संभावना है।
बुधवार को तापमान में 0.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे पारा सामान्य से 2.1 डिग्री ऊपर पहुंच गया है। फरीदकोट में सबसे अधिक 41.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान में भी 0.1 डिग्री की वृद्धि हुई है, जो फिलहाल सामान्य के करीब बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, 19 जुलाई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित करेगा। इसके असर से 20 और 21 जुलाई को पंजाब के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मोगा, मुक्तसर, बठिंडा, बरनाला और मानसा जिलों में गर्मी व उमस का अलर्ट दिया है। वहीं, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में अलग-अलग जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। अमृतसर का अधिकतम पारा 34.6 डिग्री और लुधियाना का 36.4 डिग्री रहा। सबसे कम न्यूनतम पारा अमृतसर में 24.4 डिग्री दर्ज किया गया।(साभार एजेंसी)
