(अमृतसर,पंजाब)27अक्टूबर 2026
श्री वाल्मीकि जी के प्रकट दिवस के अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री श्री भगवंत मान सोमवार को अमृतसर स्थित भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल पहुंचे और नतमस्तक हुए। इस दौरान आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए सीएम मान ने बड़ा ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार इस पवित्र स्थल को विश्व स्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रही है। इसके सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए 17.72 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
सीएम मान ने कहा, “पंजाब गुरुओं, संतों और पीरों की पवित्र धरती है। यहां हर तरह का बीज अंकुरित हो सकता है, लेकिन नफरत का बीज इस पावन मिट्टी पर कभी नहीं उग सकता।”
उन्होंने बताया कि तीर्थ स्थल पर नया हाई-टेक साउंड सिस्टम, आधुनिक CCTV कैमरे, पवित्र सरोवर की सफाई, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और मंदिर व सराय में 2.60 करोड़ की लागत से नए एयर कंडीशनर लगाए जा रहे हैं। रात में सुंदरता के लिए विशेष फसाड लाइटिंग भी लगाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामायण मानव सभ्यता के लिए मार्गदर्शक है और इसी धरती पर महर्षि वाल्मीकि ने लव-कुश को शिक्षा दी थी।(साभार सोशल मीडिया/एजेंसी)
