यूपी के 3.50 लाख शिक्षकों के लिए मिलेगी ये सुविधा

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)22जुलाई,2026

उत्तर प्रदेश के अनएडेड सेकेंडरी स्कूलों के शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रदेश के करीब साढ़े तीन लाख शिक्षकों को योगी आदित्यनाथ सरकार स्वास्थ्य सुविधा से जोड़ने की नीति तैयार की है। शिक्षकों के लिए मेडिकल बीमा की घोषणा पहले की गई थी। अब योगी सरकार ने पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा से इन शिक्षकों को जोड़ने की नीति तैयार की है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बुधवार को गाइडलाइन जारी कर दिया गया है। इसमें शिक्षकों को चिह्नित कर योजना के लाभ के लिए आवेदन कराने के नियमों को स्पष्ट कर दिया है।

किन्हें मिलेगा योजना का लाभ?
योगी सरकार की ओर से अनएडेड माध्यमिक स्कूल के शिक्षकों को योजना के दायरे में लाने का निर्णय लिया है। दरअसल, प्रदेश के 25,000 अनएडेड माध्यमिक स्कूलों में 3.50 लाख शिक्षक शिक्षण कार्य में जुटे हुए हैं। इन शिक्षकों और उनके परिजनों को सरकार की ओर से दी जाने वाली योजना का लाभ मिलेगा। योजना का लाभ उठाने के लिए शिक्षकों को http://cmtcts.upsdc-gov पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

योजना के संबंध में आई गाइडलाइन
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग के विशेष सचिव उमेश चंद्र ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। गाइडलाइन के तहत शिक्षक खुद और अपने परिवार के सदस्यों का आधार कार्ड के अनुसार इस पर अपना विवरण भरेंगे। शिक्षक के आवेदन फॉर्म का वेरिफिकेशन एवं अनुमोदन पहले संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य करेंगे।

ऐसे पूरी होगी प्रक्रिया
शिक्षकों और उनके परिवार के सदस्यों को पोर्टल पर रजिस्टर्ड करने के लिए संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य नियुक्ति और लगातार काम करने की जांच करेंगे। प्रधानाचार्य स्तर से आवेदन की जांच कर जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजा जाएगा। डीआईओएस प्रधानाचार्य की तरफ से आने वाले आवेदनों की जांच करेंगे। वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवेदन को स्वीकृत किया जाएगा।

गाइडलाइन में साफ किया गया है कि अगर कोई शिक्षक अपना स्कूल छोड़ता है तो संबंधित प्रधानाचार्य तत्काल इसकी सूचना डीआईओएस को देंगे। इसके बाद डीआईओएस संबंधित शिक्षक को इस योजना से अलग कर देंगे। अभी सरकारी एवं एडेड माध्यमिक स्कूलों के साथ-साथ अनएडेड माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों को भी कैशलेस चिकित्सा योजना से जोड़ा है।

क्या मिलेगा लाभ?
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत इसमें रजिस्टर्ड होने वाले शिक्षकों और उनके परिजनों को लाभ मिलेगा। योजना के तहत शिक्षक और उनके परिवार के सदस्यों को एक साल में पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। इससे अनएडेड स्कूल के शिक्षकों को भी आपात समय में बड़ी राहत मिल जाएगी(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *