(चंडीगढ़,पंजाब)27अगस्त,2026.
पंजाब राज्य में सरकारी कर्मचारियों की सामूहिक छुट्टी के बीच अब बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है।
पंजाब सरकार के पर्सोनल विभाग ने सभी स्पेशल चीफ सेक्रेटरी और अतिरिक्त चीफ सेक्रेटरी को पत्र जारी कर ऐसे कर्मचारियों की सूची गुरुवार शाम तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
गुरुवार को पंजाब के विभिन्न सरकारी विभागों, कार्यालयों, बोडौँ, शैक्षणिक संस्थानों समेत चंडीगढ़ स्थित पंजाब सरकार के अधिकतर कार्यालयों में कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहे। कर्मचारियों ने अपने कार्यालयों में पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
पंजाब सचिवालय में भी कर्मचारी नेताओं के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ नारे लगाए गए। बड़ी संख्या में कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने से सरकारी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित रहा। पर्सोनल विभाग ने अपने पत्र में कहा है कि गैरकानूनी तरीके से ड्यूटी से गैरहाजिर कर्मचारियों के कारण आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विभाग ने सभी प्रशासनिक विभागों से अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची तैयार कर भेजने को कहा है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि बिना स्वीकृत छुट्टी के ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।(साभार)
