दिल्ली में बनेगा बिजली,पानी,गैस,फायर हाइड्रेट के लिए भूमिगत कॉरिडोर

National

(नई दिल्ली) 06सितंबर,2026

दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी में मल्टी-यूटिलिटी डक्ट सिस्टम विकसित करेगी। इसके तहत बिजली, पानी, गैस, फायर हाइड्रेट और अन्य जरूरी सेवाओं की लाइनें साझा भूमिगत कॉरिडोर में डाली जा सकेंगी।

मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बताया कि इससे अलग-अलग एजेंसियों की ओर से बार-बार सड़क खोदने की जरूरत कम होगी। सड़कें सुरक्षित रहेंगी, यातायात में बाधा घटेगी और लोगों को होने वाली परेशानी भी कम होगी। इस व्यवस्था की शुरुआत चांदनी चौक से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर होगी। सफल होने पर इसे दिल्ली के दूसरे इलाकों में भी लागू किया जाएगा।

मल्टी-यूटिलिटी डक्ट का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अलग-अलग सेवाओं के लिए एक ही सड़क को बार-बार नहीं खोदना पड़ेगा। साझा भूमिगत कॉरिडोर बनने के बाद इन सेवाओं के लिए पहले से तय जगह उपलब्ध होगी। किसी लाइन में खराबी आने या नई लाइन डालने की जरूरत होने पर संबंधित एजेंसी को सड़क खोदने के बजाय डक्ट तक पहुंच मिल सकेगी।

दिल्ली सरकार इस योजना को पहले चांदनी चौक क्षेत्र के दो हिस्सों में पायलट आधार पर लागू करेगी। एस्प्लेनेड रोड पर 310 मीटर और मोर सराय रोड पर 560 मीटर लंबे हिस्से में मल्टी-यूटिलिटी डक्ट बनाया जाएगा। यानी शुरुआती चरण में 870 मीटर के कॉरिडोर पर प्रयोग होगा। इन दोनों हिस्सों में काम से मिलने वाले अनुभव के आधार पर आगे की योजना तैयार की जाएगी।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *