(लखनऊ,UP)26अक्टूबर,2026
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में आयोजित ‘टेकसंगम 2026’ में शामिल होंगे। कार्यक्रम उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (UPSIFS) में हो रहा है, जिसका फोकस एआई, साइबर फॉरेंसिक, क्वांटम तकनीक और डेटा प्रोटेक्शन जैसे उभरते क्षेत्रों पर है।
सोशल मीडिया पोस्ट में सीएम योगी ने कहा कि तकनीक की नई संभावनाओं को जनहित, न्याय और युवाओं के भविष्य से जोड़ना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। इसके लिए साइबर सुरक्षा और फॉरेंसिक विज्ञान में आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित मानव संसाधन को बढ़ावा देना जरूरी है। यह आयोजन तकनीकी नवाचार को नागरिक सुरक्षा और डिजिटल ट्रस्ट से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम यूपी की बदलती कार्य-संस्कृति का प्रतीक है। 2017 से पहले प्रदेश में केवल 2 साइबर थाने और 4 फॉरेंसिक लैब थीं, जिससे वैज्ञानिक साक्ष्यों के अभाव में कन्विक्शन रेट 30% से भी कम था।
डबल इंजन सरकार ने स्थिति बदली है। आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में साइबर थाने हैं और हर मंडल में फॉरेंसिक लैब स्थापित की जा रही हैं। इससे साइबर अपराध पर लगाम लगी है और कन्विक्शन रेट में वृद्धि हुई है।
सीएम ने कहा कि यह आयोजन देश-विदेश के वैज्ञानिकों, विशेषज्ञों और उद्योग जगत को एक मंच पर लाएगा और भारत को तकनीक में आत्मनिर्भर बनाकर ‘विकसित भारत’ के संकल्प को गति देगा, साथ ही युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।(साभार सोशल मीडिया)
