(नई दिल्ली)27अक्टूबर,2026.
भारतीय नौसेना का जहाज INS त्रिशूल भूमध्य सागर में जारी अपने अभियान के दौरान कल इटली के सिवितावेच्चिया बंदरगाह पहुंचा। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि बंदरगाह पहुंचने से पहले जहाज ने इटली की नौसेना के जहाज कार्लो मार्गोटिनी के साथ समुद्री अभ्यास भी किया। इस अभ्यास में दोनों जहाजों ने तालमेल के साथ दिशा बदलने, संचार व्यवस्था, समुद्र में एक-दूसरे को रसद उपलब्ध कराने, एक जहाज से दूसरे जहाज पर हेलीकॉप्टर उतारने और कर्मियों के आदान-प्रदान जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया। इस अभ्यास से दोनों नौसेनाओं को अपने अनुभव और बेहतर कार्यप्रणालियां साझा करने तथा आपसी तालमेल मजबूत करने का अवसर मिला।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस बंदरगाह यात्रा के दौरान बातचीत, सांस्कृतिक भ्रमण और आपसी अनुभवों का आदान-प्रदान किया जाएगा। जहाज को आम लोगों के लिए भी खोला जाएगा, जिससे वे भारतीय नौसेना की परंपराओं और क्षमताओं को करीब से जान सकेंगे। यह यात्रा भारत और इटली के बीच लंबे समय से चले आ रहे समुद्री सहयोग को दर्शाती है। साथ ही, यह दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच संबंधों और परिचालन सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है।(साभार एजेंसी/सोशल मीडिया)
