वित्त विभाग में अटकी है एसओपी,फिर भी नहीं रुकेगी राष्ट्रीय खेलों की तैयारी

Uttarakhand

(देहरादून)02 नवंबर 2026

मेघालय में अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले राष्ट्रीय खेलों के लिए उत्तराखंड का खेल विभाग बिना एसओपी की मंजूरी का इंतजार किए ही तैयारियों में जुटने जा रहा है। विभाग ने निर्णय लिया है कि स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर को मंजूरी मिलने से पहले ही आयोजन से जुड़े कार्य शुरू कर दिए जाएं। विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा ने बताया कि एसओपी का प्रस्ताव इस समय वित्त विभाग में विचार के लिए पड़ा है और इसे अभी तक विभागीय स्वीकृति नहीं मिल सकी है।

अमित सिन्हा के अनुसार एसओपी को पास कराने की प्रक्रिया विभागीय स्तर पर अपने क्रम में चल रही है, लेकिन इसके चलते राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को स्थगित नहीं किया जाएगा। समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के लिए प्रारंभिक स्तर की तैयारी और जरूरी काम पहले ही शुरू कर दिए जाएंगे। विभाग की प्राथमिकता खेल स्थलों को दुरुस्त करना, खिलाड़ियों के अभ्यास की व्यवस्था करना, बुनियादी ढांचे से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराना और आयोजन से जुड़े अन्य इंतजामों को समय से पूरा करना है। एसओपी के स्वीकृत होते ही तैयारियों को उसके मानकों के अनुरूप ढाला जाएगा।

अपर निदेशक खेल एवं युवा कल्याण अजय अग्रवाल ने बताया कि राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों को लेकर एसओपी का प्रस्ताव निदेशालय से शासन को भेजा जा चुका था, जिस पर वित्त विभाग की तरफ से कुछ आपत्तियां दर्ज की गई थीं। उन आपत्तियों को दूर कर प्रस्ताव को फिर से शासन को भेज दिया गया है।

कम समय चुनौती

राष्ट्रीय खेलों के लिए अब तैयारी का अधिक वक्त नहीं बचा है। खेल शुरू होने से पहले खिलाड़ियों के विशेष कैंप, खेल संघों द्वारा टीमों का चयन, फिजियोथेरेपिस्ट और प्रशिक्षकों की नियुक्ति समेत कई जरूरी सुविधाएं जुटानी होती हैं। इसके लिए शासन से एसओपी का जारी होना अनिवार्य है। सूत्रों के मुताबिक वित्त विभाग ने फिजियोथेरेपिस्ट की तैनाती के प्रस्ताव पर ही आपत्ति लगाई थी। (साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *