(चंडीगढ़,हरियाणा)12नवंबर,2026
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज चंडीगढ़ में आयोजित 14वीं स्टेट प्रगति पोर्टल (SPP) बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश में चल रही 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में प्रदेश के विकास से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान गुरुग्राम में विकसित हो रही ग्लोबल सिटी, कुरुक्षेत्र में बन रहे श्री कृष्णा आयुष विश्वविद्यालय, सोहना और खरखोदा की बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं और बिजली वितरण तंत्र को मजबूत करने वाले कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से हर परियोजना की जमीनी प्रगति, अब तक खर्च हुई राशि और काम पूरा होने की तय तारीख के बारे में जानकारी ली।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य तय समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार विकास कार्यों में गुणवत्ता को लेकर बेहद गंभीर है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि जो ठेकेदार समय पर काम पूरा नहीं करेंगे, उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। लगातार लापरवाही करने वाले और खराब गुणवत्ता का काम करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी शामिल है। उन्होंने कहा कि स्टेट प्रगति पोर्टल के जरिए इन सभी बड़ी परियोजनाओं की सीधी निगरानी मुख्यमंत्री कार्यालय कर रहा है।(साभार सोशल मीडिया)
