विवान कपूर ने वर्ल्ड चैंपियनशिप में जीता सिल्वर मेडल

Rajasthan

(जयपुर,राजस्थान)13नवंबर,2026

जयपुर के निशानेबाज विवान कपूर ने इतिहास रच दिया है। विवान ने दोहा में चल रही आईएसएसएफ शूटिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस मेडल के साथ ही उन्होंने लॉस एंजिलिस ओलिंपिक 2028 के लिए अपना टिकट भी पक्का कर लिया है।

विवान ने मेंस ट्रैप इवेंट के फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 30 में से 29 निशाने सटीक लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया। फाइनल के बाद विवान ने कहा कि यह उनकी कड़ी मेहनत और ईश्वर की कृपा का परिणाम है।

24 वर्षीय विवान का गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान से था। दोनों का स्कोर 29-29 बराबर रहा, जिसके बाद शूटऑफ में फैसला हुआ। निर्णायक शूटऑफ में तीसरे प्रयास पर विवान क्ले टारगेट से चूक गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इस स्पर्धा में चीन के क्यू यिंग ने कांस्य पदक जीता।

इस उपलब्धि के साथ विवान इस स्पर्धा में विश्व चैंपियनशिप पदक जीतने वाले चौथे भारतीय पुरुष ट्रैप निशानेबाज बन गए हैं। उनसे पहले करणी सिंह, मानवजीत सिंह संधू और जोरावर सिंह संधू ही यह कारनामा कर पाए थे। विवान जगतपुरा स्थित ओएसिस शूटिंग रेंज में अभ्यास करते हैं और उनके व्यक्तिगत कोच मनशेर सिंह हैं।

विवान के नाम पहले से कई उपलब्धियां हैं। इससे पहले उन्होंने ट्रैप शूटिंग ट्रायल्स में पहली रैंक हासिल कर नया कीर्तिमान बनाया था, जो उन्होंने जूनियर वर्ग में हासिल किया था। दोहा में ही आयोजित एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में विवान कपूर और मानवादित्य सिंह ने गोल्ड मेडल जीता था। जूनियर वर्ग के वर्ल्ड कप और वर्ल्ड चैंपियनशिप शूटिंग ट्रायल्स में भी विवान रिकॉर्ड बना चुके हैं।(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *