सीएम सैनी ने दी पंचकूला को दोहरी सौगात,ई-बस सेवा शुरू

Hariyana

(पंचकूला,हरियाणा)27नवंबर,2026

पंचकूला के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा अब पहले से ज्यादा आसान और सुविधाजनक हो गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज श्री माता मनसा देवी मंदिर परिसर स्थित संस्कृत गुरुकुल से दो इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और अधिकारी उपस्थित रहे।

यह बस सेवा श्री माता मनसा देवी मंदिर से चंडी माता मंदिर, पिंजौर गार्डन होते हुए कालका स्थित श्री काली माता मंदिर तक संचालित होगी। इससे श्रद्धालुओं को एक ही रूट पर सभी प्रमुख मंदिरों के दर्शन करने की सुविधा मिलेगी। पर्यटकों के लिए भी यह सेवा काफी लाभदायक होगी, क्योंकि उन्हें पिंजौर गार्डन जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तक आसानी से पहुंचने का मौका मिलेगा।

इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सेक्टर-5, पंचकूला के नवीनीकृत राज्य बस टर्मिनल का उद्घाटन भी किया। नवीनीकृत टर्मिनल में यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं, जिससे उन्हें बेहतर और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पर्यावरण-अनुकूल यह बस सेवा प्रदूषण मुक्त परिवहन को बढ़ावा देने के साथ श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुगम आवागमन की सुविधा प्रदान करेगी। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी और हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि डिजिटल क्यूआर कोड के माध्यम से यात्री बस की लोकेशन और समय-सारणी की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे। इससे यात्रियों को बस के आने का सही समय पता चल जाएगा और उन्हें अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और जन सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *