एग्रीस्टैक की हुई उच्चस्तरीय समीक्षा,मुख्यमंत्री द्वारा काम पूरा करने के निर्देश

Bihar

(पटना,बिहार)27नवंबर,2026

बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज लोक सेवक आवास स्थित “संकल्प” सभागार में एग्रीस्टैक परियोजना की विस्तृत समीक्षा की। इस समीक्षा बैठक में कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, राजस्व विभाग के अधिकारी और परियोजना से जुड़े अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को परियोजना की अब तक की प्रगति, जिलों में चल रहे पंजीकरण कार्य और भविष्य की कार्ययोजना के बारे में पूरी जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एग्रीस्टैक परियोजना किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है। इस डिजिटल प्रणाली के माध्यम से प्रत्येक किसान का एक विशिष्ट पहचान पत्र तैयार किया जाएगा, जिसमें उसकी भूमि, फसल और योजनाओं से जुड़ी पूरी जानकारी दर्ज होगी। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक बिना किसी बाधा के, सीधे और पारदर्शी तरीके से पहुंच सकेगा।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परियोजना के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी जिलों में किसान पंजीकरण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि फार्मर आईडी बनाने, डिजिटल फसल सर्वेक्षण करने और भूमि अभिलेखों के सत्यापन में पूरी सावधानी और पारदर्शिता बरती जाए, ताकि कोई भी योग्य किसान इस सुविधा से वंचित न रह जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एग्रीस्टैक के लागू होने से फसल बीमा, पीएम किसान सम्मान निधि, खाद-बीज पर अनुदान और कृषि ऋण जैसी योजनाओं का लाभ किसानों को और भी सरलता से मिलेगा। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और व्यवस्था में पारदर्शिता आएगी।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर किसानों का पंजीकरण कराया जाए और उन्हें इस परियोजना के लाभों के बारे में पूरी जानकारी दी जाए।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *