गोंडा में युवाओं को मिली डिजिटल ताकत

Uttar Pradesh

(लखनऊ,UP)27नवंबर,2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आज जनपद गोंडा में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत आयोजित भव्य कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस कार्यक्रम में गोंडा, बहराइच, बलरामपुर एवं श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं एवं प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अभिभावक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि ये टैबलेट युवाओं की शिक्षा, कौशल, स्टार्टअप और रोजगार के सपनों को साकार करने में सशक्त साथी साबित होंगे। इनके माध्यम से युवा डिजिटल रूप से सक्षम बनकर नए अवसरों का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने कहा कि तकनीक आज शिक्षा का सबसे बड़ा हथियार बन चुकी है और जो युवा इसका सही उपयोग करेगा, वह अपने भविष्य को स्वयं गढ़ सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल डिग्री तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उन्हें डिजिटल रूप से सशक्त, कौशल से युक्त और रोजगार के लिए तैयार बनाना है। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना इसी सोच का परिणाम है। इसके तहत युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देकर उन्हें ऑनलाइन शिक्षा, डिजिटल लाइब्रेरी, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और स्टार्टअप की दुनिया से जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने युवाओं से कहा कि वे इस टैबलेट का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि अपनी पढ़ाई, कौशल विकास और नए विचारों को आगे बढ़ाने के लिए करें। यही टैबलेट उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपने सपनों को पूरा करने में मदद करेगा।(साभार सोशल मीडिया)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *