(नई दिल्ली )28नवंबर,2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की शुक्रवार को हुई बैठक में परिसीमन विधेयक को मंजूरी दी गई, जिसमें संसदीय सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत की वृद्धि का प्रस्ताव है। यह मंजूरी संसद के विशेष सत्र के बुलाए जाने से कुछ दिन पहले मिली है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
इसके साथ ही परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक को संभवत: मंजूरी दे दी गई और इसे अगले सप्ताह से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पेश किए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक ‘व्हिप’ जारी करेगी, जिसमें उसके सभी सांसदों को आगामी बैठकों के दौरान लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में मौजूद रहने का निर्देश दिया जाएगा।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन से जुड़े नये महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा की। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की विशेष बैठक में महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी के लिए पेश किया गया। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल ने कुछ संशोधनों के साथ इसे मंजूरी दे दी। इन संशोधनों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि परिसीमन के बाद लोकसभा में किसी भी राज्य की हिस्सेदारी अन्य राज्यों की तुलना में कम न हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल की यह बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में बुलाई गई थी, जिसमें इस विधेयक पर चर्चा की गई।
सरकार सोमवार से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक को पारित कराना चाहती है। सरकार ने इससे पहले अप्रैल में संसद के विशेष सत्र के दौरान यह विधेयक पेश किया था, लेकिन इसे लोकसभा की मंजूरी नहीं मिल सकी थी। अब सरकार ने दावा किया है कि उसके पास इस विधेयक को पारित कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सांसदों का समर्थन है। संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत जरूरी है।
सूत्रों के अनुसार, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक), राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) द्वारा इस विधेयक का समर्थन किये जाने की उम्मीद है। वहीं, विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन इस विधेयक के खिलाफ है। विपक्षी गठबंधन के नेता शनिवार को बैठक कर अपनी रणनीति पर चर्चा करेंगे।
कैबिनेट की बैठक, जो दोपहर 1 बजे शुरू हुई, उसी समय हुई जब राष्ट्रीय राजधानी के पूसा परिसर में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की दो दिवसीय बैठक चल रही थी। ये घटनाक्रम लोकसभा सचिवालय द्वारा गुरुवार को की गई उस घोषणा के बाद सामने आए हैं, जिसमें बताया गया है कि 18वीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा भाग 30 नवंबर से शुरू होगा और इसके 3 दिसंबर तक चलने की उम्मीद है।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार ने अनुरोध किया है कि जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने के लिए लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को फिर से बुलाई जाए।
हालांकि अधिकारियों ने विधायी एजेंडे का खुलासा नहीं किया है, लेकिन आगामी बैठकों ने ‘परिसीमन विधेयक’ (जिसके तहत लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है) और ‘महिला आरक्षण विधेयक’ के पेश किए जाने को लेकर राजनीतिक अटकलों को हवा दे दी है। संसद की पिछली बैठक मानसून सत्र के दौरान हुई थी, जो 13 अगस्त को समाप्त हुआ था।
इस बीच, पूसा (PUSA) परिसर में शुक्रवार और शनिवार को भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारी और राज्य प्रभारी बैठक कर रहे हैं। इस बैठक का उद्देश्य राजनीतिक रणनीति तैयार करना और पार्टी तथा सरकार के बीच बेहतर तालमेल बिठाना है। इससे पहले एएनआई (ANI) ने पार्टी सूत्रों के हवाले से बताया था कि भाजपा नेतृत्व उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा सहित पांच राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों की समीक्षा कर रहा है।
माना जा रहा है कि इन चर्चाओं में बूथ-स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने, सदस्यता अभियान चलाने और चुनाव प्रचार की योजना बनाने पर मुख्य रूप से ध्यान दिया जाएगा। नई संगठनात्मक टीम के कार्यभार संभालने के बाद, यह मोदी की पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ दूसरी बैठक है।(साभार एजेंसी)
