कलाकार बहाएंगे सुरों की गंगा, “गंगा महोत्सव” में जुटेंगे दिग्गज

UP / Uttarakhand

(वाराणसी UP)12नवम्बर,2024.

देव दीपावली महोत्सव से पहले शिव की नगरी में सुरों की गंगा प्रवाहमान होगी। पहली बार अस्सी घाट पर होने वाले गंगा महोत्सव में तीन पद्म अवार्डी व बनारस घराने के साथ ही देश भर से 34 कलाकार हाजिरी लगाएंगे। गंगा तट पर 12 से 14 नवंबर तक कलाकार गायन, वादन और नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे। नमो घाट पर 15 नवंबर को अंतिम प्रस्तुति अमेरिकी समूह के गायन की होगी।

12 नवंबर को शास्त्रीय गायक पं. साजन मिश्र का गायन :
गंगा महोत्सव की शुरुआत 12 नवंबर को बनारस घराने के शास्त्रीय गायक पं. साजन मिश्र के गायन से होगी। इसके साथ ही बनारस घराने की आराधना सिंह, सितार वादिका डॉ. सुप्रिया शाह, विपुल चौबे, बिरहा गायक पारसनाथ यादव, भजन गायक शिवशंकर विश्वकर्मा, नई दिल्ली की कथक नृत्यांगना डॉ. यास्मिन सिंह, हैदराबाद की कुचिपुडी नृत्यांगना हिमांशी कतराड्डा, कोलकाता की डॉ. नवनीता चौधरी और काशी रस बैंड का शास्त्रीय वादन होगा।

13 को होगी तीन पीढि़यों की जुगलबंदी:
13 नवंबर को गंगा महोत्सव की दूसरी निशा में सितार वादक पं. नरेंद्र मिश्रा और वायलिन वादक पं. सुखदेव मिश्रा की जुगलबंदी होगी। मुंबई के बंदा बैरागी का गायन भी खास होगा। इसके अलावा डाॅ. श्रावणी विश्वास का सितार वादन, डाॅ. मधुमिता भट्टाचार्य व आकांक्षा त्रिपाठी का गायन, साधो दि बैंड (जतिन एवं समूह) का समूह गायन, नयनिका घोष का कथक, अनु सिन्हा का कथक और नई दिल्ली के जगदीश्वर प्रिया लक्ष्मी फाउंडेशन का समूह नृत्य होगा। नई दिल्ली की रिचा गुप्ता समूह नृत्य और अरुण मिश्रा का गायन होगा।

14 को कुमारी देवयानी का भरतनाट्यम:
14 नवंबर को तीन पीढि़यों की सितार की युगलबंदी आकर्षण का केंद्र होगी। बनारस घराने के सितारवादक पं. शिवनाथ मिश्र अपने पुत्र व पौत्र के साथ प्रस्तुति देंगे। पद्मश्री कुमारी देवयानी भारतनाट्यम, कर्नाटक की विदुषी सुजाता गुरव शास्त्रीय गायन, सौरभ गौरव मिश्र व अदिति शर्मा की टीम कथक नृत्य प्रस्तुत करेगी। वहीं, आस्था शुक्ला का गायन, चेन्नई की रश्मि मेनन का भरतनाट्यम, अयोध्या की वंदना मिश्रा का समूह नृत्य, अमलेश शुक्ला का लोकगायन, झांसी की राधा प्रजापति का धीमर नृत्य और मथुरा के हेमंत बृजवासी का गायन होगा।

ये चमक, ये दमक, फुलवन मा महक, सबकुछ सरकार तुम्हई से है
ये चमक, ये दमक, फुलवन मा महक, सबकुछ सरकार तुम्हई से है… के जरिये राम आएंगे फेम स्वाति मिश्रा ने सालासर हनुमान के दरबार में हाजिरी लगाई। रविवार की शाम को महमूरगंज स्थित बालाजी पैलेस में सालासर का भव्य दरबार सजाया गया। श्रद्धालुओं ने सालासर हनुमान के दर्शन किए और भजनों की रसगंगा में गोते लगाते रहे।

श्री सालासर बालाजी मंडल काशी की ओर से आयोजित महोत्सव में कोलकाता से आए कारीगरों ने रंग बिरंगे फूलों से प्रभु की झांकी सजाई। पंचमेवे से शृंगार हुआ। इसमें प्रभु श्रीराम जी व सालासर हनुमान जी विराजमान हुए। अध्यक्ष संजय लोहिया ने ज्योत जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। मुंबई से आईं स्वाति मिश्रा और कोलकाता के गुलशन शर्मा ने भजनों की रसधार बहाई। स्वाति मिश्रा ने प्रभु राम के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं।

श्रद्धालुओं की मांग पर उन्होंने मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे राम आएंगे… जब सुनाया तो श्रोता झूम उठे। उद्योगपति केशव जालान ने प्रभु की आरती उतारी। 56 प्रकार का भोग लगा। इस दौरान अनेक भक्तगण मौजूद रहे। स्मिता लोहिया व संस्कृति जालान ने स्वाति मिश्रा का सम्मान किया। इसके पूर्व दोपहर में रुद्राभिषेक व गणेश पूजन से शुभारंभ किया गया। कटनी से आए नंदू भैया ने सुंदरकांड पाठ का रसपान कराया(साभार एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *